ABC NEWS: इन्वेस्टर समिट 2023 का लखनऊ में शुभारंभ हो गया है. इस दौरान मुरादाबाद के पंचायत भवन में अफसर और इन्वेस्टर जुटेंगे. मंडलायुक्त, जिलाधिकारी समेत सभी अफसर इस दौरान रहेंगे। निवेशकों को भी उद्योग विभाग ने आमंत्रण दिया है. मुरादाबाद में निवेश के प्रस्तावों के आधार पर कह सकते हैं कि जिले में बड़े बदलाव की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है. इन्वेस्टर समिट के बाद इसे अमली जामा पहनाने की तैयारी है. अडानी लॉजिस्टिक ग्रुप यहां सात सौ करोड़ रुपए का निवेश करने जा रहा है. इससे वेयर हाउस और इंड्रस्ट्रियल डेवलपमेंट कांप्लैक्स बनाया जाएगा.
साथ ही कई डेवलपर नई टाउनशिप लेकर आ रहे हैं। लकड़ी के खिलौनों का उद्योग और फर्नीचर निर्यात को और व्यापक किया जाएगा. पर्यटन की दिशा में कई होटल रेस्टोरेंट में भी निवेश होगा. शादी ब्याह में अब ज्यादा बेहतर विकल्प देने को निवेशकों ने प्रस्ताव दिए हैं. मुरादाबाद जिले में 33 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश होने जा रहा है. इसमें कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हैं. सूक्ष्म, लघु मध्यम उद्योगों के साथ वन विभाग के माध्यम से जो आवेदन हुए हैं वह भी परोक्ष रूप से निर्यात के ही हैं. लकड़ी से तैयार फर्नीचर, खिलौने समेत कई तरह के बदलाव के साथ विस्तार की तैयारी है.
वहीं सबसे महत्वपूर्ण निवेश अडानी लॉजिस्टिक ग्रुप का है। जो उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे इंड्रस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के माध्यम से 700 करोड़ का निवेश करने जा रहा है. करीब 100 एकड़ जमीन पर वेयरहाउसिंग और इंड्रस्ट्रियल काम्प्लैक्स बनाने जा रहा है. एमओयू हो चुका है। इसके साथ ही आवास विभाग के तहत कई टाउन शिप लेकर डेवलपर आ रहे हैं. पर्यटन के क्षेत्र में कई होटल रेस्टोरेंट, पार्क, थीमबेस्ड शादियों लिए रिसार्ट प्रस्तावित हैं. रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

