कानपुर देहात के रूरा-मिंडा कुंआ मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर रसूलाबाद निवासी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके पुत्र व पुत्री मामूली रूप से चुटहिल हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको उपचार के लिए सीएचसी रसूलाबाद भेजा. यहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद पिता को मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पहुंचे परिजनों के बिलखने से वहां कोहराम मच गया.
केशव नगर रसूलाबाद के रहने वाले चालीस साल के संजय अपने बेटे सोहन व पुत्री प्रांशी के साथ अपनी ससुराल घाटमपुर गए थे. वहां से गुरुवार को वह बाइक से अपने घर वापस आ रहे थे. सुबह करीब साढे दस बजे रूरा- मिंडा कुआं मार्ग पर गढ़ेवा गांव के सामने तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र उछल कर दूर जा गिरे. इससे बाइक सववार संजय गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनके पुत्र व पुत्री भी चुटहिल हो गए. दुर्घटना के बाद डंपर चालक वहां से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना देकर दोनों घायलों को सीएचसी रसूलाबाद भेजा.यहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. बृजेश कुमार ने जांच के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया.
हादसे में संजय की मौत की जानकारी होते ही वहां कोहराम मच गया. पति की मौत से पत्नी नीतू बदहवास हो गई जबकि मां किशोरी, पुत्र सोहन व पुत्री प्रांशी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सीएचसी से भेजी गई सूचना पर एसआई विमल सिंह सीएचसी पहुंचे तथा प्राथमिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा. उन्होंने बताया कि फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कारवाई होगी.

