शेख हसीना इस वक्त भारत में मौजूद हैं. उनका विमान हिंडन एयरबेस पर उतरा हुआ है. यहां उनसे NSA अजीत डोभाल ने मुलाकात की. दोनों के बीच तकरीबन डेढ़ घंटे बात हुई है. पश्चिमी वायु कमान प्रमुख एयर मार्शल पी एम सिन्हा ने शेख हसीना से मुलाकात की है. अब यह भी सामने आया है कि शेख हसीना के भारत आने से पहले राजधानी दिल्ली में एक बड़ी बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में RAW चीफ, एनएसए आदि शामिल हुए थे.

सामने आया है कि शेख हसीना के बांग्लादेश से भारत पहुंचने के मिशन में विदेश मंत्रालय, एनएसए, सेना, वायुसेना और सुरक्षा एजेंसियां अहम भूमिका निभाई हैं. सोमवार को दोपहर 12 बजे अजित डोभाल, विदेश मंत्री एस जयशंकर, सेना प्रमुख, रॉ चीफ, वायुसेना प्रमुख और अन्य एजेंसियों के प्रमुखों के बीच एक बड़ी बैठक हुई. इस बैठक में ही शेख हसीना के बांग्लादेश से Exit Plan की रणनीति बनी. इसके बाद ही वह बांग्लादेश से इस्तीफा देकर भारत आई.
अजीत डोभाल ने किया शेख हसीना को रिसीव, डेढ़ घंटे तक हुई बातचीत
सामने आया है कि शेख हसीना हिंडन एयरबेस के भीतर ही हैं. वह विमान से उतर चुकी हैं. इस दौरान वह उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर रही हैं. यह भी खबर आई है कि NSA अजीत डोभाल से उनकी डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई है. यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि क्या इस दौरान भारत में शरण देने को लेकर चर्चा हुई है या नहीं. वहीं, नए अपडेट के अनुसार, पश्चिमी वायु कमान प्रमुख एयर मार्शल पी एम सिन्हा ने शेख हसीना से मुलाकात की है.
पीएम मोदी से मिले विदेश मंत्री एस जयशंकर
बांग्लादेश में बिगड़े राजनीतिक हालात और हिंसक प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर सामने आई है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पीएम मोदी से मुलाकात की है. सोमवाऱ शाम को एस जयशंकर ने पीएम मोदी से मिलकर उन्हें बांग्लादेश के हाल पर अपडेट दिया. सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है.

