ABC News: पटकापुर में राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड के बाद अब यहां पर रहने वाले लोग अपनी गृहस्थी समेटने में लगे हैं. मंगलवार को यहां पर रहने वाले लोग अपने-अपने फ्लैट से गृहस्थी का सामान बाहर ले जाते हुए दिखे. इस दौरान यहां पर रहने वाली महिलाओं की आंखों से बहते आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.
#कानपुर ➡️ कानपुर के राधिका अपार्टमेंट से निकाली गई गृहस्थी ➡️ अग्निकांड के बाद फ्लैट खाली कर रहे लोग ➡️ अपना सामान निकालते वक्त फूट-फूटकर रोईं महिलाएं ➡️ महापौर प्रमिला पांडेय ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा ➡️ पीड़ित परिवारों को महापौर ने दिया भरोसा #Kanpur #RadhikaApartment @mayorkanpur #abcnewsmedia
— Abcnews.media (@abcnewsmedia) November 17, 2026
इसी बीच, महापौर प्रमिला पांडेय भी यहां का जायजा लेने पहुंची तो यहां पर रहने वाली एक महिला उनसे हादसे का मंजर बताते हुए फूट फूटकर रोने लगी. महापौर ने पीड़ित परिवारों को जाकर यहां पर सांत्वना प्रदान की. महापौर ने कहा कि वह भी अपने स्तर से इस मामले की जांच कराएंगी. उन्होंने कहा कि जब बिल्डर इस तरह के फ्लैट बनाते हैं तो इसे खरीदने वाले लोगों को भी सारी बातोें की जांच करनी चाहिए, उसके बाद ही संपत्ति की खरीद करनी चाहिए.

आग का सीसीटीवी वीडियो आया सामने
पटकापुर में राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. सुबह पांच बजकर नौ मिनट का यह सीसीटीवी वीडियो करीब एक मिनट का है. सीसीटीवी वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि राधिका अपार्टमेंट के गेट के अंदर काफी भीषण आग लगी है और गली में मौजूद लोगों में अफरातफरी मची हुई है. इस दौरान कुछ लोग आग बुझाने की कोशिश में जुटे भी दिखाई पड़ने के साथ फायर ब्रिगेड को सूचना देने की बात कहते हुए सुने जा सकते हैं. गौरतलब हो कि इस अग्निकांड में एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई थी. जबकि दो घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है. मामले में बिल्डर समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है.

