ABC News: कानपुर में तहसील परिसर के पास बनी मल्टीलेवल पार्किंग के पास हो रहे अवैध कब्जों पर सोमवार को प्रशासन का बुलडोजर चला. बताया जा रहा है कि यहां पर अभी भी मल्टीलेवल पार्किंग का काम चल रहा है. इस बीच आसपास की खाली जगह पर कुछ अधिवक्ताओं ने अवैध रूप से कब्जा करना शुरू कर दिया था. जिसके बाद सोमवार को छुट्टी के दिन भारी फोर्स की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया. इस दौरान कच्चे पक्के तमाम अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया.

बताया जा रहा है कि पूरा मामला तब सामने आया जब निर्माण कार्यदायी संस्था जल निगम (नगरीय) की सीएंडडीएस ने खुद पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी. परियोजना प्रबंधक एसके वर्मा ने कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को अनाधिकृत लोगों द्वारा रात में चोरी-छिपे परिसर में अस्थायी निर्माण किए जाने की जानकारी दी. एडीएम सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि अभी मल्टीलेवल पार्किंग का काम खत्म नहीं हुआ है और न ही इसे हैंडओवर किया गया है. प्रशासन के पास कई दिनों से इसके आसपास तेजी से अवैध कब्जे बढ़ने की श्किाायत आ रही थी.

उन्होंने बताया कि इसको लेकर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी भी दी गई थी. लेकिन दो दिन की छुट्टी के बीच अवैध कब्जों में तेजी आ गई. जिसके बाद सोमवार को यहां पर एक्शन लिया गया है. दोबारा कब्जा होने पर अतिक्रमणकारियों को एक्शन की भी चेतावनी दी गई है. गौरतलब हो कि कचहरी परिसर में 47.83 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस मल्टीलेवल पार्किंग में 334 कार और 100 बाइक, यानी कुल 434 वाहन एक साथ खड़े हो सकते हैं,, इसके भूतल पर 11 दुकानें बनी हैं.

