ABC News: कानपुर के फीलखाना के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के आग लगने से पांच मंजिला इमारत में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि भूतल की पार्किंग में खड़ी बाइकों में आग लगने से पूरे अपार्टमेंट में जहरीला धुआं भर गया. ऊपरी मंजिलों पर कई लोग फंस गए. सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. इनमें चार लोगों को सांस लेने में दिक्कत और चोट लगने पर अस्पताल भेजा गया.
#कानपुर ➡️ कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग ➡️ हादसे में राखी और प्रांजुल की मौत ➡️ प्रांजुल की मां मीता 40% झुलसीं, हालत गंभीर ➡️ आग से बचने को कूदे वैभव, रीढ़ में गंभीर चोट ➡️ घायलों का इलाज जारी, डॉक्टर ने दी जानकारी #Kanpur #BreakingNews #UttarPradesh @kanpurnagarpol @Uppolice #abcnewsmedia
— Abcnews.media (@abcnewsmedia) November 16, 2026
फीलखाना थानाक्षेत्र के पटकापुर में राधिका अपार्टमेंट बना हुआ है. सोमवार तड़के यहां पर अचानक आग लग गई. आग बेेसमेंट में लगी, जिसने यहां पर खड़ी स्कूटी और बाइक आदि को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद काला दमघोटूं धुआं पूरे अपार्टमेंट में भर गया और आग ने ऊपरी मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया. जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय अधिकतर लोग नींद में थे. जैसे ही आग की सूचना मिली पूरे अपार्टमेंट में अफरातफरी मच गई. आग की लपटें और धुआं उठता देखकर इलाकाई लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. जिसके बाद फीलखाना व कोतवाली पुलिस के साथ ही लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंची. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान दमकल के जवानों ने रेस्क्यू कर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. हालांकि, इनमें से जितेंद्र साहू की 45 वर्षीय राखी साहू और अनिल कुमार बाथम के 16 वर्षीय बेटे प्रांजल बाथम की उर्सला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. वहीं, वैभव गुप्ता और मीता बाथम का इलाज चल रहा है. वहीं एसीपी कोतवाली अमित पांडेय भी फाेर्स के साथ मौके पर पहुंचे.
दिनांक 16.11.2026 को प्रातः 04:54 बजे थाना फीलखाना क्षेत्रांतर्गत राधिका अपार्टमेंट में आग लगने एवं कुछ लोगों के बिल्डिंग में फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर फायर स्टेशन लाटूश रोड एवं फायर स्टेशन कर्नलगंज की टीमों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री दीपक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीमों द्वारा बिल्डिंग में फंसे 08 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 04 को उपचार हेतु भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक महिला एवं एक 15 वर्षीय किशोर की दु:खद मृत्यु हो गई, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है। घटनास्थल के निरीक्षण में पाया गया कि लगभग 4 मीटर चौड़ी सड़क पर बनी 5-6 मंजिला बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से आग लगी, जो सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। बिल्डिंग में समुचित आपातकालीन निकास की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। प्रकरण में मुकदमा पंजीकृत कराकर जिम्मेदार बिल्डर एवं लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। केडीए उपाध्यक्ष से वार्ता कर ऐसी अनधिकृत एवं असुरक्षित इमारतों का चिन्हांकन कर संयुक्त अभियान चलाने, उन्हें सील करने तथा जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आमजन से अपील है कि ऐसी असुरक्षित इमारतों में संपत्ति खरीदने से बचें, जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। बाइट-पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल। @Uppolice @kanpurnagarfire @DcpEastkanpur
— POLICE COMMISSIONERATE KANPUR NAGAR (@kanpurnagarpol) November 16, 2026
बताया गया कि पांच मंजिला अपार्टमेंट के भूतल पर बनी पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनाें में आग लगी थी. जिससे उठने वाले जहरीले धुएं ने पूरे अपार्टमेंट को अपनी चपेट में ले लिया था. ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग धुएं के कारण बाहर नहीं निकल पा रहे थे. दमकल के जवानों ने एक तरफ पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया तो दूसरी ओर रेस्क्यू अभियान चलाकर आठ लोगों को बाहर निकाला. इससे पहले, गली संकरी होने की वजह से गाड़ियां अंदर तक नहीं पहुंच सकी, जिसकी वजह से हौज पाइप जोड़कर आग पर काबू पाया गया.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ है, जिससे आग दोपहिया वाहनों में लगी और जिससे काला दमघोंटू धुआं पूरे अपार्टमेंट में फैल गया. हादसे में महिला और किशोर की मौत हुई है. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बिल्डर और अन्य दोषी लोगों पर एक्शन लिया जाएगा. मामले में मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा. वहीं, डीएम ने उर्सला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना.

