ABC News: कानपुर के बिधनू में दादा-दादी से मिलाकर दो मासूम बेटों को ससुराल ले जा रहे पिता की खुशियां चंद पलों में मातम में बदल गईं. बिधनू के मझावन गांव के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डग्गामार बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने घेराबंदी कर रमईपुर के पास बस को चालक समेत पकड़ लिया.

बिधनू भारू निवासी 32 वर्षीय पिता अमर बहादुर परिवार समेत जहानाबाद स्थित ससुराल में रहते हैं. शनिवार सुबह वह दोनों बेटे चार वर्षीय आयुष और तीन वर्षीय पीयूष को लेकर मूल गांव भारू आए थे. यहां बच्चों को दादा श्याम मनोहर और दादी सुंदरी से मिलाकर दोपहर वह दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर वापस जहानाबाद लौट रहे थे. मझावन गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को बिधनू सीएचसी ले गई. जहां डाक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल अमर बहादुर को प्राथमिक उपचार के बाद एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया. उधर, पत्नी लक्ष्मी जहानाबाद स्थित मायके में पति और बच्चों के लौटने का इंतजार कर रही थी. हादसे की सूचना मिलते ही लक्ष्मी की हालत बिगड़ गई. बच्चों की मौत की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. पुलिस के अनुसार, चालक को बस समेत पकड़ लिया गया है.

