ABC News: भारत और चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला रोमांच की हद तक पहुंचा. आखिरी गेंद तक चले इस हाई स्कोरिंग फाईनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से शिकस्त दे दी. फाइनल मैच पर काफी हद तक बढ़त बना चुके पाकिस्तान को भारत के पुछल्ले बल्लेबाज मनल चौहान और मोहित उल्वा ने नाको चने चबवा दिए और आतिशी बल्लेबाजी कर पाकिस्तान के जबड़े से मैच को खींचकर भारत को चैंपियन बनाया.

गौरतलब हो कि एक समय भारत ने 252 रनों पर आठ विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा की जोड़ी ने 9वें विकेट के लिए 57 रन जोड़े. इसके बाद मोहित ने चिगुरूपति वेंकटा के साथ आखिरी विकेट के लिए नाबाद 30 रन जोड़कर भारत को यादगार जीत दिलाई. भारत को आखिरी गेंद पर चार रन की जरूरत थी. मोहित ने चौका लगाकर भारत को शानदार जीत दिला दी. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया अंडर-19 एशिया कप की चैंपियन बन गई. इससे पहले, रनचेज में भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही. वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के बीच पहले विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई. आर्यवीर सहवाग को पारी के पांचवें ओवर में अली रजा की गेंद पर चोट लगी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. गेंद सहवाग के दाईं कोहनी के पास लगी थी. आर्यवीर सहवाग ने शानदार बैटिंग करते हुए 51 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. मौजूदा टूर्नामेंट में उनका ये चौथा फिफ्टी प्लस स्कोर रहा. आर्यवीर बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन निकाब शफीक की गेंद पर हवाई शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे. आर्यवीर ने 61 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे. आर्यवीर के आउट होने के बाद लक्ष्य रायचंदानी ने वीके विनीत संग पारी संभाली. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई. विनीत 24 रनों के निजी स्कोर पर रिजवानुल्लाह का शिकार बने.

पाकिस्तान को तीसरा विकेट अर्जुन राजपूत के रूप में मिला, जो 18 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट रिजवानुल्लाह की गेंद पर कैच आउट हुए. वहीं चौथा विकेट यशवर्धन चौहान का रहा, जो 5 गेंदों पर 9 रन नाकर हसनैन अब्बास डार की गेंद पर उस्मान खान को कैच थमा बैठे. भारत को पांचवां झटका कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के तौर पर लगा, उनको अली रजा ने उन्हें हसनैन अब्बास डार के हाथों कैच आउट कराया. लक्ष्य 101 गेंदों पर 80 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इससे ठीक अगली ही गेंद पर अन्वय द्रविड़ 12 गेंदों पर 19 रन बनाकर रन आउट हो गए. अन्वय के आउट होते हुए ही टीम इंडिया का स्कोर 217/ 6 हो गया. सातवां विकेट आर्यन सावसानी (14) का रहा, जिनको रिजवानुल्लाह ने आउट किया. वहीं आठवां विकेट काव्य पटेल का रहा, जो मोहम्मद सय्याम की गेंद पर आउट हुए. इससे पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 337 रन बनाए. पाकिस्तानी टीम की शुरुआत शानदार रही. उस्मान खान और हयाम खान ने मिलकर पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े. काव्य पटेल ने हयाम (21 रन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद उस्मान ने अब्दुल कादिर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की. कादिर ने 54 बॉल पर 80 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 3 चौके शामिल रहे. कादिर का विकेट अर्जुन राजपूत ने झटका. सलामी बल्लेबाज उस्मान खान अपना शतक बनाने में कामयाब रहे. उस्मान ने 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 111 गेंदों पर 107 रन बनाए. उस्मान का विकेट काव्य पटेल ने चटकाया. भारतीय टीम को चौथी सफलता अहमद हुसैन (17 रन) के रूप में मिली. यहां से पाकिस्तानी टीम ने लगातार अंतराल में विकेट गंवाए. हालांकि, पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ (63 रन) जरूर अर्धशतक बनाने में सफल रहे. हमजा जहूर (10 रन), हसनैन अब्बास डार (2 रन), मोहम्मद सैय्याम (7 रन) और निकाब शफीक (11 रन) बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए. काव्य पटेल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. वहीं चिगुरुपति वेंकटा ने तीन खिलाड़ियों को चलता किया.

