ABC News: कानपुर में फीलखाना थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्कूटी सवार युवक से लूट का प्रयास किया गया. स्कूटी सवार उस समय तगादे के 20 लाख रूपए लेकर जा रहा था. हालांकि, स्कूटी सवार के शोर मचाने पर भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया.

बताया जा रहा है कि गुमटी निवासी विशाल खंडेलवाल श्री गुरु पेपर हाउस के मालिक हैं. उनके यहां काम करने वाला कर्मचारी शुक्लागंज निवासी वीरभान सिंह ने चौक स्टेशनरी मार्केट के व्यापारी अंशु अग्रवाल से 20 लाख रूपए लेकर जा रहा था. इसी दौरान उसने अपने साथी सोमिल सक्सेना को जरूरी काम से जाने की बात कहकर चौक में आकर रूपए लेने को कहा. यहां से सोमिल एक झोले में 20 लाख रुपये लेकर स्कूटी से घर जा रहे थे. रास्ते में थाने के पास बिरहाना रोड पर पीछे से आ रहे स्कूटी सवार एक युवक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी. जैसे ही सोमिल स्कूटी से अनियंत्रित होकर गिरे. आरोपी युवक झोला छीनने के प्रयास करने लगा. सोमिल के शोर मचाने पर राहगीरों ने उसे पकड़ लिया. लूट की सूचना पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एसीपी कोतवाली अमित पांडेय मौके पर पहुंचे. आरोपी ने पूछताछ के बाद अपना नाम शुक्लागंज निवासी अविनेंद्र सिंह उर्फ अंशुल बताया. आरोपी ने बताया कि कारोबारी के यहां काम करने वाला उसके ममेरे भाई वीरभान ने लूट की योजना बनाई थी,,, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

