ABC News: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) में अपनी जिंदगी के एक बेहद दर्दनाक अध्याय का पहली बार सार्वजनिक रूप से खुलासा किया है. उन्होंने जनवरी 1969 में अपने पहले बच्चे को खोने का शेयर किया है. सोनिया ने बताया कि समय से करीब दो महीने पहले जन्मे उनके बेटे की महज एक दिन बाद मौत हो गई थी. नवजात को उनके पति राजीव गांधी और देवर संजय गांधी ने दिल्ली के महरौली स्थित उनके ससुर फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाया था.

हार्पर कॉलिन्स की ओर से प्रकाशित यह संस्मरण मंगलवार को बाजार में आया. सोनिया लिखती हैं कि सितंबर, 1968 की एक सुबह उनके गर्भवती होने की खबर से गांधी परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई थी. आमतौर पर गंभीर रहने वाली इंदिरा गांधी ने उन्हें गले लगाया, चूमा और खुशी से कहा, “एक बड़ा बच्चा, एक और बच्चे को जन्म देने वाला है!” हालांकि, परिवार की यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी. सोनिया ने सामान्य प्रसव के जरिए निर्धारित समय से करीब दो महीने पहले बेटे को जन्म दिया. उन्होंने लिखा कि उन्होंने बच्चे की पहली आवाज सुनी, जब उसे इनक्यूबेटर में रखा जा रहा था. बाद में राजीव उन्हें बच्चे को दिखाने ले गए. वह घने काले बालों और लंबी, पतली उंगलियों वाला बेहद छोटा, लेकिन पूरी तरह विकसित बच्चा था. उन्होंने लिखा, “हम दोनों उसे देखते रहे. राजीव का हाथ मेरे कंधे पर था. हमें उससे पहली ही नजर में प्यार हो गया था.” हालांकि, चिकित्सकों ने बच्चे के बचने को लेकर आशंका जताई थी. सोनिया के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े छह बजे राजीव ने उन्हें बेहद दुखद खबर दी कि बच्चा नहीं रहा. उन्होंने लिखा, “मैं बार-बार पूछती रही, नहीं, ऐसा संभव नहीं है! क्यों, क्यों? हम दोनों सदमे में थे और टूट चुके थे. हमने एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया. मैं फूट-फूटकर रोई और राजीव भी खूब रोए.” इंदिरा गांधी उस समय शहर से बाहर थीं. बेटे की मौत की खबर मिलते ही उन्होंने अपना दौरा बीच में छोड़ दिया और अस्पताल पहुंचीं. सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा ने उन्हें गले लगाया. उनकी आंखें भी लाल और सूजी हुई थीं. वह काफी देर तक उनके साथ बैठी रहीं. इसके बाद बच्चे के अंतिम संस्कार को लेकर परिवार के सामने मुश्किल खड़ी हो गई. सोनिया के मुताबिक, हिंदू परंपरा में नवजात शिशु का दाह संस्कार नहीं किया जाता, बल्कि उसे नदी में प्रवाहित करने की परंपरा है. ईसाई और पारसी कब्रिस्तानों में भी उसे दफनाना संभव नहीं था. सोनिया ने लिखा कि नदी में बच्चे को प्रवाहित करने का विचार उन्हें असहनीय लगा. उन्हें ओखला बैराज में एक शव का दृश्य याद आ गया था, जिसे कूड़े के ढेर के पास आवारा कुत्ते नोच रहे थे. उन्होंने लिखा, “मैंने कहा, नहीं! चाहे कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में नहीं बहाने दूंगी.” उनके लिए यह कल्पना भी असहनीय थी कि जीवन का अवसर खो चुके उनके नन्हे बच्चे के साथ ऐसा किया जाए. आखिरकार, बच्चे को महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्महाउस में दफनाने का फैसला किया गया. सोनिया के अनुसार, राजीव और संजय ने गुलाबी बोगनवेलिया की एक खूबसूरत झाड़ी के नीचे, चारदीवारी के भीतर बाईं ओर गहरी कब्र खोदकर बच्चे को दफनाया. उन्होंने लिखा कि लंबे समय तक जब भी वे वहां जाते, उस जगह पर एक फूल रखकर आते थे. सोनिया ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें कोई खास परेशानी नहीं थी. इंदिरा गांधी उनके खानपान, सैर और व्यायाम का ध्यान रखती थीं. हालांकि, बच्चे को खोने के बाद वह लंबे समय तक अवसाद, हीनभावना और अपराधबोध से जूझती रहीं. इस मुश्किल दौर में एक दक्षिणपंथी विपक्षी अखबार में प्रकाशित एक लेख ने उनके घावों को और गहरा कर दिया. लेख में कथित तौर पर कहा गया था कि इंदिरा गांधी एक “नाजायज बच्चे की दादी” बनने में नाकाम रही हैं. सोनिया ने लिखा कि इन शब्दों ने उनके दिल पर गहरा जख्म छोड़ा. उन्हें समझ नहीं आया कि किसी के साथ इतनी क्रूरता कैसे की जा सकती है. समय के साथ दुख का बादल धीरे-धीरे छंटने लगा. अक्टूबर, 1969 में सोनिया ने राजीव को दोबारा गर्भवती होने की खबर दी. वह खुश तो थीं, लेकिन मन में आशंका भी थी. इसके बाद 19 जून, 1970 को उन्होंने राहुल गांधी को जन्म दिया.

