ABC News: एक्टर और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर अक्सर किसी न किसी कारण से सुर्खियों में छाए रहते हैं. पिछले दिनों सुनील ग्रोवर का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह गंगा किनारे चादर डालकर सोते दिखे. उनकी इस सादगी ने सबका दिल जीत लिया. अब सुनील ग्रोवर की एक तस्वीर सुर्खियों में है और इस फोटो को देखकर लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. सुनील ग्रोवर ने दिवाली के मौके पर ये फोटो शेयर की है, जिसमें वह कुछ बच्चियों के साथ सड़क किनारे बैठकर माला बेचते नजर आ रहे हैं. तस्वीर में सुनील ग्रोवर के हाथ में कुछ गेंदे के फूल की मालाएं और दिवाली के सजावट का सामान देखा जा सकता है और उनके साथ तीन बच्चियां बैठी हैं.

सुनील ग्रोवर ने ये फोटो शेयर करते हुए फैंस को दिवाली की बधाई दी है. उन्होंने कैप्शन में लिखा – ‘सभी को दिवाली की शुभकामनाएं. प्यार और रोशनी.’ उन्होंने जैसे ही ये तस्वीर शेयर की, फैंस और सेलेब्स के रिएक्शन आने लगे. चाहत खन्ना ने रेड हार्ट इमोजी के साथ रिएक्शन दिया और करण मेहरा ने हैप्पी दिवाली लिखते हुए उन्हें दिवाली की बधाई दी. वहीं एक सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट करते हुए उन्हें डाउन टू अर्थ बताया है. एक ने कमेंट में लिखा- ‘क्या चीज हो सर जी आप, सच में कमाल.’ एक अन्य ने लिखा- ‘आप सच में कमाल हैं सुनील ग्रोवर, हैप्पी दिवाली.’ एक और लिखता है- ‘भाई, आप कुछ भी कर सकते हैं.’ पिछले दिनों सुनील ग्रोवर कपिल शर्मा के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 5’ में अपने लुक को लेकर चर्चा में रहे. सुनील ग्रोवर एक जबरदस्त मिमिक्री आर्टिस्ट हैं और ये बात किसी से छिपी नहीं है. शो के हालिया एपिसोड में सुनील देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अंदाज में ‘सरल बिहारी वाजपेयी’ बनकर पहुंचे और जैसे ही स्टेज पर आए, उन्हें देखकर हर कोई हैरान रह गया. उन्होंने लुक ही नहीं हाव-भाव में भी दिवंगत प्रधानमंत्री को ऐसा कॉपी किया कि फैंस खुद को उनकी तारीफ करने से नहीं रोक पाए. ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 5’ की बात करें तो शो के 7 नवंबर के एपिसोड में जाकिर खान, पंकज त्रिपाठी और विकास दिव्यकीर्ति मेहमान बनकर पहुंचे, जिन्होंने इस एपिसोड में हंसी-मजाक के साथ-साथ सफलता की कहानियां और कुछ बेहतरीन यादें भी साझा कीं. बता दें, कपिल शर्मा के इस चर्चित शो के इस सीजन में अब तक सैफ अली खान, करीना कपूर, मीरा राजपूत, शाहिद कपूर, जाकिर खान, पंकज त्रिपाठी, ईशान खट्टर जैसे चर्चित सितारे शिरकत कर चुके हैं.

