ABC News: कानपुर में लंबे समय से बदहाल पड़ी मैनावती मार्ग को सुधारने का काम शुरू हो गया है. शनिवार को यहां पर जेसीबी के जरिए सड़क के रेस्टोरेशन का काम शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि केडीए मैनावती मार्ग का चौड़ीकरण कर चार लेन की इस सड़क को 29 करोड़ की लागत से बनाएगा.

सड़क पर काम शुरू होता देखकर स्थानीय निवासियों ने भी राहत की सांस ली. स्थानीय निवासियों का कहना है कि डेढ़ वर्ष से अधिक समय से यह सड़क बदहाल पड़ी हुई है. सड़क पर इतने बड़े गड्ढे हो गए थे कि कई वाहन यहां पर पलट चुके हैं, न जाने कितने लोग घायल हो चुके हैं. बारिश के दौरान पूरी सड़क तालाब में तब्दील नजर आती थी लेकिन अब यहां पर निर्माण कार्य शुरू होने से लोग राहत भरे भाव में दिखे. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार उड़ती धूल मिट्टी की वजह से कई लोग सांस के मरीज तक बन गए हैं. हालांकि, लगातार बदहाली झेल रहे यहां के लोग अभी भी सशंकित हैं, उनका कहना है कि सड़क निर्माण में क्वालिटी बेहतर हो और जलनिकासी की व्यवस्था जरूर की जाए. जिससे आगे चलकर उन लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े. लोगों का कहना है कि दीपावली से पहले अगर सड़क का निर्माण हो जाएगा तो उनके लिए बेहतर होगा.

