ABC News: कानपुर में बंद पड़ी लाल इमली मिल क्या फिर से शुरू होगी, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है. इस बीच, गुरूवार को सांसद रमेश अवस्थी ने लाल इमली मिल का जायजा लिया. यहां पर सांसद ने बार बार इस बात पर जोर दिया कि लाल इमली मिल जरूर चालू होगी, हो सकता है कि स्वरूप दूसरा हो.

सांसद के इस बयान के बाद इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि मिल का दूसरा स्वरूप क्या हो सकता है. क्योंकि उन्होंने कहा है कि वह भी चाहते हैं कि यह ऐतिहासिक मिल से कानपुर के युवाओं के लिए रोजगार सृजित हों. लाल इमली को लेकर पीएम, केंद्रीय कपड़ा मंत्री, सीएम से बातचीत की बात के साथ उन्होंने बताया कि इसका मामला लोकसभा में भी वह उठा चुके हैं. पिछले दिनों कानपुर में हुई कॉमर्स कमेटी की बैठक में इस पर चर्चा हुई थी. सांसद ने कहा कि मिल चलाना हमारा एजेंडा है, कमेटी अपनी रिपोर्ट पेश करेगी, जिसमें इसका जिक्र करेगी. उन्होंने कहा कि सरकार तय करे कि निश्चित समयसीमा किस तरह से इसका पुनुरूद्धार होगा. नए स्वरूप में ही सही, भविष्य में यह रोजगार का माध्यम बनेगी. सांसद ने कहा कि इसको लेकर वह लोकसभा में प्राइवेट बिल भी लाने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कानपुर के पास मिलों का बहुत बड़ा लैंड बैंक है, जिसका उपयोग IT हब और नए उद्योगों के लिए किया जा सकता है.

