ABC News: कानपुर के अरौल थानाक्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसे में कार चालक और एक महिला की मौत हो गई. जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं.

बताया जा रहा है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ. यहां पर किलोमीटर-216 पर ईसन नदी पुल के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसे में चालक मुनेंद्र उर्फ मुन्ना और टगोरी बालादास की मौत हो गई, जबकि करिश्मा और सोना गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे में कार सवार युवक अंकित सुरक्षित बच गया. हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा टीम ने घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल महिलाओं को लखनऊ रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि कार सवार राजस्थान के रेवाड़ी से अंबेडकर नगर जा रहे थे. प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई गई है. पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

