ABC News: उत्तर प्रदेश से पहली बार तरल ग्लूकोज का कॉर्मशियल एक्सपोर्ट वियतनाम को किया गया है. यह उपलब्धि भी कानपुर के खाते में आयी है. कानपुर से 48 मीट्रिक टन तरल ग्लूकोज की खेप रवाना की गई है.

कहा जा रहा है कि यह उपलब्धि प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए अवसर खोलने के साथ ही निर्यात उत्पादों में विविधता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इस खेप का निर्यात कानपुर स्थित एचएल एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है. तरल ग्लूकोज की यह खेप कानपुर स्थित अंतर्देशीय कंटेनर डिपो (आईसीडी) से जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह (जेएनपीटी), नवी मुंबई, महाराष्ट्र के माध्यम से वियतनाम पहुंचेगी. बताया गया कि तरल ग्लूकोज खाद्य प्रसंस्करण उद्योग का महत्वपूर्ण उत्पाद है. इसका उपयोग बेकरी उत्पादों, मिठाइयों, कन्फेक्शनरी, पेय पदार्थों सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों के निर्माण में किया जाता है. इस खेप के लिए कच्चे माल की आपूर्ति उत्तर प्रदेश एवं बिहार से की गई, जबकि इसका प्रसंस्करण कानपुर स्थित कंपनी की विनिर्माण इकाई में किया गया.

