ABC News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय में आराधना मिश्रा ‘मोना’ और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति बन गई. कार्यक्रम के दौरान अजय राय के साथ एक महिला कांग्रेस नेता द्वारा कथित बदसलूकी किए जाने से उनके समर्थकों में नाराजगी फैल गई. अजय राय नाराज होकर कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैठ गए. इस दौरान समर्थकों के बीच हंगामा और धक्कामुक्की हुई और जूते चल गए.
स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी अजय राय को मनाने में जुटे रहे. पदभार ग्रहण के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने की तैयारी थी, लेकिन अजय राय उसमें शामिल होने के लिए अंदर नहीं गए. निवर्तमान अध्यक्ष अजय राय ने कार्यालय में अपने और साथियों के साथ लगाया बदसलूकी करने का आरोप लगाया. अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय से बाहर आ गये. इसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी उनको मनाकर अंदर ले गए. इस घटना से अजय राय और समर्थकों में भारी नाराजगी देखी गई. आराधना मिश्रा के कार्यभार संभालने के दौरान इस हंगामेदार आगाज के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. कहा जा रहा है कि अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे. उस समय वहां काफी भीड़ मौजूद थी. रास्ता बनाने के लिए अजय राय के समर्थकों ने कथित तौर पर कहा कि अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए. इस पर ममता चौधरी की तरफ से सवाल किया गया, ‘कौन अध्यक्ष’. इसी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने लगा. देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि किसी पुराने मामले को लेकर पूर्व अध्यक्ष अजय राय और लखनऊ में पार्षद ममता चौधरी के बीच अनबन चल रही थी. अजय राय ने अपने कार्यकाल के दौरान कांग्रेस मुख्यालय में ममता चौधरी के प्रवेश को प्रतिबंधित कर रखा था, लेकिन मोना के अध्यक्ष बनने के बाद ममता चौधरी ने कांग्रेस मुख्यालय आना शुरू कर दिया. आज उनके समर्थकों ने भी अजय राय की हूटिंग की. कांग्रेस भवन पहुंचने पर पार्षद ममता चौधरी ने अजय राय पर टिप्पणी की जिसको लेकर उनके समर्थक भड़क गए और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए. किसी बीच कांग्रेसियों में जूते-लात भी चल गए. अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से ममता चौधरी के अभद्र व्यवहार की शिकायत की. अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को खराब कर रहे हैं और ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा. उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है. अजय राय को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.

