ABC News: आखिरकार दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बहू को राहत मिल ही गई. 22 दिन बाद दवा कारोबारी की बहू शालू रिहा होकर जेल से बाहर आ गई. हालांकि, इस दौरान शालू और उसके भाई ने मीडिया से बातचीत नहीं की और कार में बैठकर चले गए. शालू के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने इस पर खुशी जताई है.
आपको बता दें कि कानपुर के चर्चित विनीत मनोचा हत्याकांड में मृतक की बहू शालू मनोचा की गिरफ्तारी 6 सितंबर को हुई थी. उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत न पाए जाने के आधार पर विवेचक ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर उसे न्यायिक हिरासत से रिहा करने की मांग की थी. जिसके बाद कोर्ट ने प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए शालू की रिहाई के आदेश दिए. इससे पहले सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जेल अधीक्षक से कहा कि अगर वह अन्य किसी मुकदमे में वांछित नहीं है तो उसे तत्काल रिहा किया जाए. 50 हजार का व्यक्तिगत बंध पत्र दाखिल करने और इस आशय की अंडरटेकिंग देने के लिए कहा है कि जब भी कोर्ट या विवेचक उसे बुलाया जाएगा तो वह उपस्थित होगी. कोर्ट ने विवेचक के रिहाई प्रार्थनापत्र को वाद के रूप में दर्ज करने का आदेश भी दिया है.
गौरतलब हो कि दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या 5 सितंबर 2026 की रात को कानपुर के कल्याणपुर स्थित इंदिरा नगर के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में हुई थी. ससुर की हत्या के अगले दिन यानी 6 सितंबर 2026 को पुलिस ने बहू शालू को सुपारी किलर विशाल और उसके साथी के बयानों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया था. कोर्ट से रिमांड के बाद पुलिस ने नया खुलासा किया. पति सुब्रत मिनोचा को गिरफ्तार करके खुलासा किया कि असली मास्टरमाइंड बेटा सुब्रत था और शालू इस मामले में निर्दोष पाई गई, जिसके बाद कोर्ट ने उसकी रिहाई के आदेश दिए.

