ABC News: भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की पेशेवर जिंदगी के साथ-साथ निजी जिदंगी भी मुश्किलों से गुजर रही है. पृथ्वी एक बार फिर से अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. पृथ्वी की मंगेतर आकृति अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनसे अलग होने की जानकारी साझा की है. आकृति ने इंस्टाग्राम के जरिए पृथ्वी शॉ से अलग होने की जानकारी दी. उन्होंने ये भी लिखा कि ये फैसला आपसी सहमति से लिया गया है.

आकृति ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि भारी मन से, मैं यह बताना चाहती हूं कि मेरे मंगेतर और मैंने अपने भविष्य के लक्ष्यों और परिस्थितियों में भिन्नता के कारण अलग होने का निर्णय लिया है. हम एक-दूसरे से कितना भी प्यार और स्नेह करते हों, हमने यह स्वीकार कर लिया है कि हमारे रास्ते एक साथ नहीं मिल सकते. गौरतलब हो कि लंबे समय तक एक दूसरे को डेट करने के बाद क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने इसी साल 8 मार्च को सगाई की थी. दोनों बहुत खुश थे और फैंस के बीच खूबसूरत तस्वीरें शेयर की थी. फैंस पृथ्वी शॉ के शादी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सगाई से शादी तक का सफर पूरा ही नहीं हो सका. 17 सितंबर को दोनों ने इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया.

आकृति अग्रवाल ने क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ रिश्ता तोड़ने के पीछे की वजह भी बताई है. उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा,”हम एक-दूसरे से कितना भी प्यार और स्नेह करते हों, हमने यह स्वीकार कर लिया है कि हमारे रास्ते एक साथ नहीं मिल सकते. अपनी जिम्मेदारियों और वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए, हमने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. मैं दिल से कामना करती हूं कि हम दोनों को आगे बढ़ने में शुभकामनाएं, शांति और खुशी मिले. आकृति अग्रवाल ने आगे लिखा कि मैं सभी से विनम्र निवेदन करती हूं कि इस कठिन समय में हमारी निजता का सम्मान करें और हमारे निर्णय के पीछे के कारणों के बारे में अटकलें लगाने या अनुमान लगाने से बचें. हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करें.

पृथ्वी शॉ का करियर
पृथ्वी शॉ के लिए क्रिकेटर का सफर भी उनकी निजी जिंदगी की तरह रहा है. शुरुआत में तो उन्होंने सफलता के झंडे गाड़े, लेकिन कुछ दूर चलते ही वो रास्ते से भटक गए. उन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में 134 रनों की शानदार पारी खेलकर सनसनी मचा दी थी. उनका तुलना सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा जैसे महान खिलाड़ियों से होनी लगी थी, लेकिन सफलता की 1-2 सीधी चढ़ते ही उनका फोकस बिगड़ा और फिर वो टीम से बाहर हो गए. अब आलम ये है कि आईपीएल में भी वो दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा तो हैं, लेकिन प्लेइंग इलेवन में उनके लिए जगह नहीं है. डोमेस्टिक क्रिकेट में भी वो कुछ ऐसा प्रदर्शन नहीं कर रहे, जिसकी वजह से उनके लिए टीम का दरवाजा खुले. पृथ्वी शॉ ने भारत के लिए 5 टेस्ट, 6 ODI और एक T20I खेला है. उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच 2021 में खेला था.

