ABC News: कानपुर में शिवराजपुर थाना क्षेत्र में भोर पहर बकरा व्यापारी के साथ लूट हो गई. शिवराजपुर के नेशनल हाईवे पर एक्सयूवी सवार छह बेखौफ लुटेरों ने एक बकरा व्यापारी की कार को पहले ओवरटेक कर रोक लिया और इसके बाद तमंचे की नोक पर चार लाख 31 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए.
हाईवे पर सरेराह हुई इस लूट से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि पीड़ित बकरा व्यापारी आरिफ चौबेपुर क्षेत्र से अपनी कार में सवार होकर हरदोई की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी शिवराजपुर थाना क्षेत्र के पास हाईवे पर पहुंची, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार एक्सयूवी गाड़ी ने उनकी कार को आगे से घेरकर जबरन रुकवा लिया.
गाड़ी से नीचे उतरे छह बदमाशों ने अचानक व्यापारी की कार पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और शीशे तोड़ डाले. इसके बाद व्यापारी पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी और कार में रखे चार लाख 31 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया. व्यापारी का कहना है कि बदमाश उनका और ड्राइवर का मोबाइल भी लूट ले गए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गाड़ी से फरार हो गए.
बदहवास व्यापारी ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. व्यापारी की तहरीर के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है.

