ABC News: लंबे समय से जिस रिकॉर्ड पर भारत के पूर्व महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का राज था, अब उसपर जिम्बाब्वे के एक क्रिकेटर ने कब्जा कर लिया है. जी हां, मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में उतरते ही ब्रेंडन टेलर ने इतिहास रच दिया. सचिन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए वो अब सबसे ज्यादा समय तक ODI क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. ब्रेंडन टेलर ने 40 साल की उम्र में ये खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है. उन्होंने रिकॉर्ड्स के बादशाह माने जाने वाले महान सचिन तेंदुलकर को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहम सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम जिम्बाब्वे से दो-दो हाथ कर रही है. दोनों टीमों के बीच पहला ODI हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है. इसी मुकाबले में ब्रेंडन टेलर ने सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का सफर अब 22 साल और चार महीने से ज्यादा का हो गया है, जो 50-ओवर फॉर्मेट में तेंदुलकर के 22 साल और तीन महीने के करियर से अधिक है.

ODI में सबसे लंबा करियर
22 वर्ष 148 दिन – ब्रेंडन टेलर (जिम्बाब्वे)
22y 91d – सचिन तेंदुलकर (भारत)
21 वर्ष 184 दिन – सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)
20y 272d – जावेद मियांदाद (पाकिस्तान)
20 वर्ष 187 दिन- शॉन विलियम्स (जिम्बाब्वे)
ODI में सबसे लंबा करियर के मामले में ब्रेंडन ट्रेलर अब पहले स्थान पर आ गए हैं. सचिन दूसरे पर खिसक गए हैं. श्रीलंका के पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या तीसरे और पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज जावेद मियांदाद चौथे नंबर पर हैं. जिम्बाब्वे के शॉन विलियम्स 5वें स्थान पर हैं.
ब्रेंडन ट्रेलर का सफर
2012 में अपना आखिरी ODI खेलने के बाद से ही इस रिकॉर्ड पर सचिन तेंदुलकर का कब्जा था. बात करें ब्रेंडन ट्रेलर की तो उन्होंने 2004 में वनडे इंटरनेशनल में कदम रखा था. 2015 वर्ल्ड कप में दो शतक लगाने के बाद, इंटरनेशनल क्रिकेट से निराश होकर और तत्कालीन कोच स्टीफन मैंगोंगो के साथ अनबन के चलते, टेलर ने जिम्बाब्वे के इंटरनेशनल सेटअप को छोड़ दिया और नॉटिंघमशायर के साथ तीन साल का कोलपाक डील साइन किया. लेकिन नॉट्स में अपने आखिरी सीजन के बीच में ही, उन्होंने घर की याद आने (होमसिकनेस) का हवाला देते हुए जल्दी रिलीज की अनुमति ले ली. उनकी पत्नी बच्चों के साथ जिम्बाब्वे में ही रह गई थीं. 31 साल की उम्र में, वे अपने जाने के दो साल से ज्यादा समय बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में लौटे.

साढ़े तीन साल का लगा था बैन
जनवरी 2022 में, संन्यास की घोषणा के चार महीने बाद, उन्होंने यह खुलासा करके क्रिकेट की दुनिया को चौंका दिया कि कैसे 2019 में भ्रष्ट लोगों ने उन्हें कोकीन का लालच देकर और फिर ब्लैकमेल करके फंसाने की कोशिश की थी. हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने कभी मैच फिक्सिंग नहीं की, लेकिन उन्होंने बताया कि परिवार की सुरक्षा की चिंता के कारण उन्होंने ICC को इस अप्रोच के बारे में बताने में देरी की थी और उन्हें उम्मीद थी कि गवर्निंग बॉडी इसके लिए उन पर बैन लगाएगी. ICC ने इस देरी के लिए उन पर सभी तरह के क्रिकेट से साढ़े तीन साल का बैन लगा दिया. टेलर ने नशीले पदार्थों की लत से जूझने के बारे में खुलकर बात की और 12-स्टेप प्रोग्राम और रिहैब से गुजरे. तीन साल बाद, 39 साल की उम्र में, उन्होंने कोचिंग में जाने पर विचार किया, लेकिन जिम्बाब्वे क्रिकेट के MD गिवमोर मकोनी ने उन्हें 2027 ODI वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए जिम्बाब्वे के लिए फिर से खेलना शुरू करने के लिए मना लिया. 2004 में ODI डेब्यू करने वाले ब्रेंडन टेलर ने जिम्बाब्वे के लिए इस फॉर्मेट में 207 मुकाबले खेले हैं 35.28 की औसत से 6704 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं. टेलर ने जिम्बाब्वे के लिए 37 टेस्ट और 59 T20I भी खेला है.
रन और शतक में सचिन से कोसों दूर टेलर
ब्रेंडन टेलर ने भले ही ODI क्रिकेट में सबसे लंबे करियर का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है, लेकिन बतौर बल्लेबाज वो सचिन तेंदुलकर के आसपास भी नहीं हैं. मास्टर ब्लास्टर के नाम ODI में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने इस फॉर्मेट में 452 मैच (सबसे अधिक) में 18,426 रन बनाए हैं, जिसमें 49 शतक और 96 अर्धशतक शामिल है.

