ABC News: उत्तर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में जल्द ही AI नीति लागू होगी. कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में हुए एआई मंथन के बाद अब दो कमेटियां बनाई गई हैं. ऐसी ही एक कमेटी में CSJMU कुलपति प्रो. विनय पाठक को जिम्मेदारी मिली है.
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि जो दो कमेटियां बनी हैं. उसमें एक AI पॉलिसी एडवाइजरी कमेटी और दूसरी AI पॉलिसी इंप्लीमेंटेशन कमेटी होगी. AI पॉलिसी एडवाइजरी कमेटी में IIT खड़गपुर के पूर्व निदेशक प्रो. पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती, बिट्स पिलानी समूह के कुलपति प्रो. वीरमगोपाल राव, बोरलॉग इंस्टीट्यूट ऑफ साउथ एशिया के डॉ. बीएम प्रसन्ना, एम्स दिल्ली की प्रो. कृतिका रंगराजन और छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक को शामिल किया गया है.
कहा कि विश्वविद्यालय ऐसी जगह है, जहां पर एआई तेजी से बढ़ सकता है. प्रो. विनय कुमार पाठक ने एआई के सॉवरेन मॉडल पर जोर दिया है. जिससे कि किसी अन्य के पास डेटा ट्रांसफर न हो सके. सीएसजेएमयू कुलपति ने कहा कि एआई अब बिजली, पानी की तरह नई जरूरत बन गया है. इसको लेकर लगातार कोर्स चलाए जा रहे हैं. इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के साथ शिक्षित करने की भी जरूरत है.

