ABC News: देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में शुक्रवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के औपचारिक आगाज से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत करीब 45 मिनट तक चली. यह बैठक ऐसे समय में हु्ई, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े भू-राजनीतिक बदलाव और तनाव देखने को मिल रहे हैं. द्विपक्षीय बैठक के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत मंडपम में प्रदर्शनी के लिए एक ही कार में सवार होकर रवाना हुए.
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर स्वागत किया.

इसके बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बैठक शुरू हुई. बैठक में ऊर्जा, रक्षा, व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत हो रही है. इससे पहले पीएम मोदी ने पुतिन को एक पुस्तक भी भेंट की. इस दौरान पुतिन ने पीएम मोदी को रूस आने का न्योता दिया. पीएम मोदी ने उसे स्वीकार भी लिया. बताया जा रहा है कि यह यात्रा 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए होगी. हालांकि, सम्मेलन की तारीख अभी तय नहीं हुई है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों देशों की आपसी सुविधा के अनुसार राजनयिक माध्यमों से तारीख तय की जाएगी. इससे साफ है कि दोनों देश अगले वार्षिक शिखर सम्मेलन की तैयारी के लिए अब कूटनीतिक स्तर पर बातचीत आगे बढ़ाएंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संघर्ष को लेकर भारत का रुख एक बार फिर साफ किया. मोदी ने कहा कि संघर्षों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जा सकता है. उन्होंने भारत की ओर से शांति प्रयासों में मदद की पेशकश करते हुए कहा कि भारत यूक्रेन संघर्ष को खत्म कराने की कोशिशों में सहयोग के लिए तैयार है. बातचीत में पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र के संघर्षों से समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर पड़ रहे असर पर भी चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने भारत में पहली बार आयोजित इनोप्रोम इंडिया प्रदर्शनी का दौरा भी किया. दोनों ने वहां मौजूद प्रतिभागियों से बातचीत की. नेताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन भारत और रूस के बीच व्यापार और औद्योगिक रिश्तों को और विस्तार देने में मदद कर सकते हैं. प्रदर्शनी के जरिए दोनों देशों की कंपनियों के बीच सहयोग और कारोबार के नए अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया. इससे भारत-रूस आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की कोशिशों को भी बल मिलने की उम्मीद है.

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को तिरुक्कुरल का रूसी भाषा में अनुवादित संस्करण भी भेंट किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि यह किताब मानव मूल्यों से जुड़ी हुई है, यह हमारे संबंधों को आगे बढ़ाएगी. आपके लिए इसका रूसी भाषा में अनुवाद कराया गया है. यह किताब तमिल भाषा का सबसे प्रसिद्ध और सम्मानित नीति ग्रंथ है. इसे महान संत तिरुवल्लुवर ने लगभग दो हजार वर्ष पूर्व लिखा था. इसे तमिल साहित्य में तमिल वेद (पॉय्यामोजी या सत्य वाणी) भी कहा जाता है. यह किसी विशिष्ट धर्म, जाति या संप्रदाय से जुड़ा ग्रंथ नहीं है, बल्कि पूरी मानव जाति के लिए एक सार्वभौमिक आचार संहिता है.

