ABC News: बिल्हौर के अरौल थाना क्षेत्र के नसिरापुर गांव में महाराजपुर के पुरवामीर गांव जैसा हादसा हो गया. यहां पर घर के आंगन में बंद पड़े पुराने कुएं की मिट्टी अचानक धंसने से सीढ़ियों से उतर रही महिला करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. हालांकि, घर के लोगों ने वक्त रहते महिला को बचा लिया. घटना के बाद मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे और जांच पड़ताल की.
बताया जा रहा है कि नसिरापुर गांव निवासी महेश चंद्र अपनी पत्नी ज्ञान देवी के साथ कच्चे मकान में रहते हैं. बताया गया कि लगातार बारिश के चलते गुरुवार सुबह उनके कच्चे मकान की एक दीवार भी गिर गई थी. दोपहर में उनकी पत्नी छत से सीढ़ियों के रास्ते नीचे आ रही थीं. जैसे ही उन्होंने आंगन में पैर रखा, अचानक जमीन की मिट्टी धंस गई और वह करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में गिर गईं. गड्ढे में गिरते ही ज्ञान देवी ने शोर मचाना शुरू कर दिया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
ग्रामीणों ने किसी तरह महिला को हाथ से पकड़कर बाहर निकाला. गड्ढे में गिरने से उन्हें मामूली चोटें आईं. इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए ले गए. परिवारवालों का कहना है कि जिस जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां करीब 40 वर्ष पहले कुआं था. कुएं को मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया था. लगातार बारिश के कारण पानी जमीन के भीतर जाने से पुरानी मिट्टी कमजोर होकर धंस गई, जिससे यह हादसा हुआ.
हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम मनीष कुमार और अरौल थाना प्रभारी विनय तिवारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि बारिश के चलते बंद पड़े कुएं की मिट्टी धंसने से महिला गड्ढे में गिरी थीं. वहीं, इसी गांव में लगातार बारिश से करीब डेढ़ दर्जन मकानों के भी गिरने की सूचना है.

