ABC News: कानपुर में सड़कों की बदहाल स्थिति के बीच अब ओवरब्रिजों की सड़कें भी जर्जर होती जा रही हैं. बारिश के बाद तो कई ओवरब्रिज ऐसे हैं, जिनकी सड़क पर कई गड्ढे हो गए हैं, और यहां से निकलने में राहगीरेां को हर समय दुघर्टना का भय सताता रहता है. कुछ ऐसी ही हालत श्यामनगर ओवरब्रिज की इन दिनों हो गई है.
बारिश के बाद श्यामनगर ओवरब्रिज की सड़क गड्ढो में तब्दील हो गई है. बारिश के बाद गड्ढों में भरने वाले पानी और लगातार निकलते वाहनों की वजह से कहीं कहीं पर डामर पूरी तरह से उखड़ चुका है और ओवरब्रिज की स्लैब नजर आने लगी है.
इसको लेकर यहां से निकलने वाले राहगीर परेशान हैं. खासतौर पर दोपहिया और तिपहिया वाहन चालक यहां पर काफी संभलकर निकल रहे हैं. उनका कहना है कि जरा सी असावधानी पर दुघर्टना हो सकती है. गड्ढो की वजह से वाहन भी खराब हो रहे हैं. यही नहीं, वर्किंग डेज़ में यहां पर गड्ढों की वजह से जाम की स्थिति भी बनी रहती है.
यहां पर रहने वाले लोगों का कहना है कि कुछ लोग यहां पर गिरकर चुटहिल भी हो चुके हैं. ऐसे में पुल की सड़क की मरम्मत कब होगी, यह बताने वाला कोई नहीं है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुल की सड़क की मरम्मत नहीं होती है तो हादसों का खतरा है, खासतौर पर रात में जब पुल पर अंधेरा होता है, तो और मुश्किल बढ़ जाती है.

