ABC News: जाजमऊ मेें गड्ढे के अंदर सपा विधायक के धरने के बाद अब व्यापारी भी उसी राह में बढ़ चले हैं. रविवार को किदवईनगर उद्योग व्यापार मंडल की अगुवाई में मार्बल मार्केट में गड्ढे में बैठकर व्यापारियों ने धरना दिया. व्यापारियों का कहना है कि मार्बल मार्केट में 100 करोड़ रूपए का वार्षिक कारोबार है.
इतना टैक्स देने के बाद भी पिछले दो साल से, जब से यहां पर सीएम ग्रिड योजना के तहत काम चल रहा है, तब से उन लोगों के सामने तमाम मुश्किलें आ रही हैं. आरोप है कि खुदाई के दौरान सीवर और पेयजल लाइन तोड़ दी गईं, घरों में जो पानी आ रहा है, वह बदबू मार रहा है. बारिश में सीवर का पानी घरों तक भर जाता है.
बदहाल स्थिति की वजह से बाजार से व्यापारी दूर हो रहे हैं, ऐसे में उन लोगों के सामने मुश्किल आ रही है.
भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि कानपुर में जहां पर भी सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कें बन रही हैं. वहां का बुरा हाल है, ऐसे में वह लोग जल्द ही नगर आयुक्त से मिलकर इन्हें सही कराने की मांग करेंगे.

