ABC News: कानपुर में बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना चौराहे पर शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया. जीटी रोड पर तेज गति से दौड़ रही लग्जरी ई कार अचानक अनियंत्रित हो गई और मंधना फ्लाईओवर के नीचे बनी नाई की गुमटी को तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर चली गई.
गनीमत थी कि उस समय रेलवे ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं आ रही थी. बताया जा रहा है कि हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही बिठूर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार का चालक इकबाल नारामऊ का रहने वाला है.
वह जिलाधिकारी के पीआरओ को उनके दफ्तर छोड़ने के बाद वापस नारामऊ लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया. पुलिस ने तुरंत क्रेन और जेसीबी की सहायता से रेलवे ट्रैक पर पड़ी क्षतिग्रस्त कार को हटवाया, जिसके बाद रेल मार्ग और सड़क यातायात सुचारू हो सका. इस दौरान यहां पर ग्रामीणों का भी मजमा लग गया.

