ABC News: कानपुर में लगातार गंगा के उफान आने के बाद अब कटरी के चैनपुरवा, लोधवाखेड़ा गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है. यहां पर ग्रामीणों को अब गंगा के पानी के बीच से होकर निकलना पड़ रहा है.
बताया जा रहा है कि चैनपुरवा गांव के रास्तों से लेकर खेतों में गंगा का पानी भर गया है. इसके अलावा लोधवाखेड़ा गांव के स्कूल भी बाढ़ के पानी से चारों तरफ से घिर गया है. रक्षाबंधन के दिन यहां की महिलाओं केा अपने भाईयों के यहां जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.
महिलाओं को यहां पर शहर आने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा. ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक कोई अफसर यहां पर झांकने नहीं आया.
आपको बता दें कि बैराज पर गंगा चेतावनी बिंदु पार कर चुकी हैं. गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर शुक्रवार को 114.320 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 114.110 मीटर पर रहा, वहीं, शुक्लागंज गेज पर जलस्तर 112.840 मीटर पर रहा. शुक्रवार केा बैराज से तीन लाख 72 हजार 630 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया.
आने वाले दिनों में कटरी के गांवों में पानी बढ़ने के बाद और मुश्किलें बढ़ने की आशंका मंडरा रही है.

