ABC News: रक्षाबंधन पर महिलाओं और उनके साथ एक सहायक को रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की ऐसी सौगात मिली कि झकरकटी बस अड्डे पर सैलाब उमड़ पड़ा. यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने अलग अलग रूट्स पर करीब 700 बसों के बेड़े को उतारा लेकिन आलम ऐसा था कि झकरकटी में जो भी बस आती, वह यात्रियों से ठसाठस भरी नजर आयी.
इसकी वजह से विभिन्न रूटों पर जाने वाले यात्रियों को एक से दो घंटे तक अपने गंतव्य तक जाने के लिए बसों का इंतजार करने का मजबूर होना पड़ा. परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज, हमीरपुर, उरई, झांसी समेत अन्य रूट पर 700 बसों को लगाया गया है.
यात्रियों की भीड़ और बसों के जमावड़े की वजह से झकरकटी बस अड्डे के बाहर से टाटमिल और अफीमकोठी चौराहे तक लोगों को जाम से भी जूझना पड़ा. बारिश की वजह से सुबह के समय लोग और परेशान नजर आए.
इस दौरान, जो भी बस यहां पर आती, उस पर चढने के लिए यात्रियों के बीच काफी आपाधापी देखी गई. हालांकि, स्थितियों को देखते हुए रोडवेज कर्मी भी भीड़ को नियंत्रित करते हुए नजर आए.बस अड्डे से विभिन्न रूट को लेकर जाने वाली बसों की लगातार घोषणा की जाती रही.
भारी भीड़ के बावजूद महिला यात्रियों में काफी ज्यादा उत्साह देखा गया.

