ABC News: कानपुर में एक दिन पहले जाजमऊ में जिस स्थान पर सड़क धंसी थी, वहां पर 24 घंटे बाद भी किसी तरह का कार्य न होने पर नाराज सपा विधायक मो. हसन रूमी धरने पर बैठ गए. करीब 10 फुट चौड़े और 18 फीट गहरे गड्ढे में उतरने के बाद धरने पर बैठे सपा विधायक मो. हसन रूमी ने नगर निगम अधिकारियों के रवैये पर भी सवाल उठाए.
उन्होंने कहा कि मंगलवार रात में हल्की सड़क धंसी थी, लेकिन कल बारिश के बाद जिस तरह से सड़क पर बड़ा गड्ढा हुआ और इसमें जिस तरह से पानी समाया, वह बड़े भ्रष्टाचार की कहानी कह रहा है. सपा विधायक का कहना है कि उन्हें आशंका है जिस तरह से पानी यहां पर गया है, उससे आने वाले समय में फिर से सड़क धंस सकती है.
उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले सड़क बनी थी, जिससे बार बार जिस तरह से सड़क धंस रही है, उससे भ्रष्टाचार का मामला सामने आ रहा है. सपा विधायक ने कहा कि यहां पर नाले की सही तरीके से मरम्मत होनी है लेकिन अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं. आरोप लगाया कि उन्होने नगर आयुक्त को सूचना दी इसके बाद भी कोई अधिकारी मौके पर झांकने नहीं आया. इस दौरान सपा विधायक करीब साढ़े चार घंटे तक गड्ढे के अंदर धरने में बैठे रहे. बाद में यहां पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी भी पहुंच गए. इसके बाद जलनिगम अधिकारियों के साथ जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी भी पहुंचे.
जलकल महाप्रबंधक ने बताया कि कई वर्ष पहले यहां पर जेएनयूआरएम योजना के तहत लाइन डाली गई थी. वर्तमान में जलनिगम ग्रामीण यहां पर ट्रेंचलेस विधि से काम करा रहा है. खुदाई कर जांच की जाएगी कि आखिरकर किस वजह से सड़क धंसी है.

