ABC News: बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान का मशहूर मुंबई वाला बंगला ‘मन्नत’ एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार चर्चा की वजह अलग है. दरअसल, मन्नत के लॉन में दो सांप के नजर आने की खबर है. सांपों को देखते ही वहां हलचल मच गई, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को बुलाया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों सांपों को संभालने की कोशिश की.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक स्नेक रेस्क्यूअर को मन्नत के अंदर दो सांप देखे जाने की खबर मिली. फिर लॉन में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें एक सांप को पकड़ लिया गया. बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित बंगले ‘मन्नत’ में इन दिनों मरम्मत का काम चल रहा है, जिसके चलते अभिनेता अपने पूरे परिवार के साथ अन्य जगह शिफ्ट हो गए हैं. इस बीच, 17 अगस्त की रात को शाहरुख खान के बंगले में दो सांप देखे गए, जिससे पूरे स्टाफ में हड़कंप मच गया. जैसे ही स्टाफ ने सांपों के जोड़े को देखा, तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही तुरंत फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के लोग मौके पर पहुंचे और एक सांप को रेस्क्यू कर लिया, जबकि दूसरा सांप अब भी लापता है. ऐसे में अब भी स्टाफ के लोग दहशत में हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, बाद में बगीचे में एक शेड के नीचे फंसा हुआ एक सांप मिला.

यह सांप करीब 8 फीट लंबा था और इसकी पहचान बिना ज़हर वाले सांप के तौर पर हुई. इसे बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रूप से बचा लिया गया. हालांकि, दूसरा सांप भागने में कामयाब रहा क्योंकि ‘मन्नत’ के अंदर लोगों की आवाजाही हो रही थी. देर रात तक तलाशी जारी रही, लेकिन सांप का पता नहीं चल सका. रिपोर्ट्स में बताया गया कि पकड़े गए सांप को बाद में वन विभाग के दिशानिर्देशों के अनुसार उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया. वहीं लापता सांप को लेकर वन विभाग का मानना है कि सांप बंगले से कहीं बाहर निकल गया है. शाहरूख खान अपने परिवार के साथ बांद्रा में दूसरे फ्लैट में शिफ्ट हुए हैं.

