ABC News: साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में बीती 8 अगस्त को हुए चर्चित मुमताज हत्याकांड के मुख्य आरोपी शोयल खान उर्फ रानू को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि कुंदौली भट्ठा मोड़ के पास रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है. पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए भीतरगांव सीएचसी में भर्ती कराया है.
पकड़ा गया आरोपी मृतक मुमताज का चचेरा भाई है.आपको बता दें कि बीती 8 अगस्त की आधी रात को देवसढ़ गांव के बाहर खेतों में बने मकान में मुमताज की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. बेखौफ बदमाशों ने इस जघन्य वारदात को मुमताज की पत्नी शाहजहां को भी घायल किया था. इसके बाद घर में रखी बाइक और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे. वारदात के बाद से मुख्य आरोपी शोयल पुलिस से बचने के लिए सिर के बाल मुड़वाकर भेष बदलकर कई राज्यों में छिपता फिर रहा था.
पैसे खत्म होने पर जब वह वापस लौटा, तो पुलिस ने घेराबंदी कर ली. फरारी के दौरान वह पीड़िता के परिवार को व्हाट्सएप पर ऑडियो मैसेज भेजकर लगातार धमकियां भी दे रहा था. डीसीपी वेस्ट के अनुसार, चेकिंग के दौरान जब अभियुक्त को रोका गया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है. मामले में शामिल तीसरे मददगार आरोपी धर्मेंद्र की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.

