ABC News: शादी के बाद छोटी छोटी बातों से परिवार में मनमुटाव न हो, इसके लिए कानपुर में अब प्री मैरिज काउंसिलिंग की शुरूआत की गई है. इसके तहत, गोल चौराहे के पास स्थित वन स्टॉप सेंटर में प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर ‘तेरे मेरे सपने’ की शुरूआत की गई है.
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस केंद्र पर जिन युवक-युवतियों का विवाह तय हो चुका है अथवा जो विवाह करने जा रहे हैं, वे काउंसलिंग कराकर सफल वैवाहिक जीवन से जुड़ी जिम्मेदारियों और चुनौतियों के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे. इसका उद्देश्य यह है कि विवाह के बाद छोटी-छोटी असहमतियां संवाद के अभाव में गंभीर पारिवारिक विवाद का रूप न लें. बताया गया कि पिछले कुछ समय में विवाह के शुरुआती दौर में ही पति-पत्नी के बीच मतभेद और अलगाव के मामले सामने आ रहे हैं. पारिवारिक विवादों संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है.
वर्तमान में कानपुर के पारिवारिक न्यायालयों में 15 हजार से अधिक केस विचाराधीन हैं. इनमें अधिकांश मामले वैवाहिक विवाद और तलाक से संबंधित हैं. ‘तेरे मेरे सपने’ केंद्र के माध्यम से भावी युगलों को विवाह से जुड़ी वास्तविक जिम्मेदारियों और संभावित चुनौतियों के प्रति पहले से जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने बताया कि केंद्र पर प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को पूरी तरह निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा. काउंसलिंग के दौरान साझा की गई व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाएगी.

