ABC News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अगर आप भी पोस्ट करके या दूसरों का कंटेंट शेयर करके कमाई करते हैं, तो आपके लिए एक बड़ा अपडेट है. एलन मस्क ने X पर क्रिएटर रेवेन्यू शेयर प्रोग्राम को पूरी तरह बंद करने का ऐलान कर दिया है. इस प्रोग्राम के तहत कमाई का आखिरी पेमेंट 11 सितंबर को होगा.

हालांकि, क्रिएटर्स के लिए अच्छी खबर यह है कि मस्क ने पैसे कमाने का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं किया है, बल्कि इसकी जगह एक नया ओरिजिनल कंटेंट रिवॉर्ड प्रोग्राम पेश किया है, जिसमें सिर्फ चुनिंदा और ओरिजिनल पोस्ट करने वालों को ही पैसा मिलेगा. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका सीधा मकसद उन क्रिएटर्स को फायदा पहुंचाना है जो प्लेटफॉर्म पर ओरिजिनल कंटेंट पोस्ट करते हैं. कंपनी ने गत 7 अगस्त को अपने X Creators हैंडल के जरिए इसकी घोषणा की. X के मुताबिक, नए प्रोग्राम के तहत उन क्रिएटर्स को पुरस्कृत किया जाएगा जो प्लेटफॉर्म पर मौलिक विचार, विशेषज्ञता, रिपोर्टिंग, रचनात्मकता और बेहतरीन टिप्पणी लाते हैं. कंपनी ने साफ किया है कि अब पुराने रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम के लिए नए आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं. हालांकि, मौजूदा सदस्यों को 7 सितंबर, 2026 तक कमाई करने का मौका मिलेगा. उन्हें 14 अगस्त, 28 अगस्त और 11 सितंबर को तीन अंतिम भुगतान दिए जाएंगे. इसके बाद, 8 सितंबर, 2026 से मौजूदा सदस्यों को नए प्रोग्राम में आवेदन करने की सुविधा मिलेगी.
क्या हैं पात्रता के नए नियम?
नए कार्यक्रम से जुड़ने और कमाई करने के लिए क्रिएटर्स को ये शर्तें पूरी करनी होंगी:
– यूजर के पास Premium, Premium+ या Premium Business प्लान की एक्टिव मेंबरशिप होनी चाहिए.
– यूजर की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए.
– अकाउंट पर कम से कम 500 वेरिफाइड फॉलोअर्स होने जरूरी हैं.
– पिछले 90 दिनों में होम टाइमलाइन पर कम से कम 5,00,000 वेरिफाइड इंप्रेशन (रिप्लाई छोड़कर) होने चाहिए.
कैसे होगी कमाई?
– योग्य क्रिएटर्स की कमाई उनकी ओरिजिनल पोस्ट पर आने वाले इंप्रेशन के आधार पर होगी. ये इंप्रेशन तब गिने जाएंगे जब कोई प्रीमियम यूजर होम टाइमलाइन पर पोस्ट का कम से कम 50 प्रतिशत हिस्सा देखता है. भुगतान हर दो हफ्ते में किया जाएगा, जिसकी शुरुआत 28 अगस्त से होगी. नए प्रोग्राम में शामिल होने वाले पुराने क्रिएटर्स को पहला भुगतान 25 सितंबर, 2026 को मिलेगा.
ध्यान दें: यदि कोई कंटेंट किसी दूसरे यूजर का कॉपी किया गया है या किसी अन्य प्लेटफॉर्म से डाउनलोड करके री-अपलोड किया गया है, तो उस पर कोई भुगतान नहीं मिलेगा.

