ABC News: चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर इलाके में शिक्षक के घर पर दिनदहाड़े बंधक बनाकर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है.यह अभियुक्त और कोई नहीं बल्कि पीड़ित शिक्षक शरद चंद्र के भाई का साला निकला.
पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो पता चला कि वारदात में तीन नहीं बल्कि पांच लोग शामिल थे. अब पुलिस घटना में शामिल चार अन्य अभियुक्तों की तलाश कर रही है. गौरतलब हो कि श्यामनगर में तीन अगस्त की दोपहर निजी स्कूल के शिक्षक के घर अकेली पत्नी व बेटे पर तमंचा और चाकू लगाकर तीन नकाबपोश बदमाशों ने हाथ बांधकर, मुंह में टेप लगाकर बंधक बनाया और फिर अलमारियों की चाबियां लेकर लाखों की कीमत के जेवर और नगदी लूट ली और फरार हो गए.
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि चकेरी पुलिस ने पीड़ित के भाई के साले प्रशांत को गिरफ्तार किया है. मंगला विहार निवासी प्रशांत ने बताया कि उसके साथ वारदात में चार अन्य युवक शामिल थे. ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश लगातार पुलिस टीम कर रही हैं, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा.

