ABC News: भारी बारिश के बाद एक बार फिर कानपुर की सड़कों पर हुए भारी जलभराव के बाद महापौर का गुस्सा अफसरों पर फूटा है. अभी तक जलभराव को लेकर अफसरों का बचाव करती रहीं महापौर प्रमिला पांडेय ने दो टूक कहा है कि अधिकारी सड़क पर नहीं उतर रहे हैं, वह कहीं भी जा नहीं रहे हैं.
महापौर ने साकेतनगर रोड पर हुए जलभराव का जिक्र करते हुए अधिकारियों पर नकारेपन का आरोप लगाया. महापौर ने कहा कि अधिकारी न गलीपिट सही से साफ करा पा रहे हैं न ही नाला सफाई करा पा रहे हैं. महापौर ने कहा कि अधिकारी कुछ करें तो जनता को राहत मिल सकती है. अधिकारियों से परेशान होकर महापौर ने अब इनकी शिकायत शासन में करने की बात कही है. महापौर ने कहा कि वह लिखित रूप में आज ही अफसरों की शिकायत शासन में भेज रही हैं.
नगर विकास मंत्री को बताया जलभराव का दर्द
भारी बारिश के बाद कानपुर में हुए जलभराव को लेकर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा को प्रतिवेदन दिया है. इस प्रतिवेदन में कानपुर के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर करने और नाला सफाई को और बेहतर कराने की मांग की गई है. विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान नगर विकास मंत्री को प्रतिवेदन दिया गया है. उन्होंने बताया कि भारी बारिश के दौरान कानपुर में जलभराव से आठ से दस घंटे तक जनजीवन अस्तव्यस्त हो जाता है. जिसमें मरीज, एंबुलेंस, दफ्तर जाने वाले लोग तक फंस जाते हैं. विधायक ने बताया कि नगर विकास मंत्री ने इस पर सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है.

