ABC News: कानपुर मेें मिलावटखोरी के खिलाफ चल रहे अभियान में एफडीए अधिकारियों ने जब रामादेवी की एक फ्लोर मिल पर छापा मारा तो यहां पर जांच के दौरान पता चला कि यहां पर दूसरे ब्रांड्स के आटे को अपने ब्रांड के नाम से दोबारा पैक कर बेचा जा रहा था. एफडीए अधिकारियों के अनुसार, यहां पर कई पैकेटों पर बैच नंबर, पैकेजिंग तिथि और एक्सपायरी तिथि भी दर्ज नहीं थी. फिलहाल 1.50 लाख कीमत का स्टॉक सीज कर दिया गया है. एफडीए अधिकारियों को आशंका है कि चावल के आटे को गेहूं के आटे में मिलाया जा रहा है, इसे देखते हुए पांच सैंपल भी एकत्र किए गए हैं.

एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को गांधीग्राम, रामादेवी स्थित मेसर्स दर्शन ट्रेडिंग कंपनी (फ्लोर मिल) का निरीक्षण किया गया. जांच में परिसर की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली. खाद्य पदार्थों का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था. कर्मचारियों के मेडिकल अभिलेख, खाद्य लाइसेंस तथा खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके. निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर अनियमितता यह मिली कि अन्य जनपदों में निर्मित विभिन्न ब्रांड के आटे के पैकेट खोलकर उसी आटे को दर्शन ट्रेडिंग कंपनी के नाम से दोबारा पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था. कई पैकेटों पर बैच नंबर, पैकेजिंग तिथि और एक्सपायरी तिथि भी अंकित नहीं थी. परिसर में करीब 3000 किलोग्राम श्री भोग ब्रांड आटा, आटा चक्की फ्रेश ब्रांड के पैक, 100 किलोग्राम दर्शन ब्रांड आटा तथा 200 किलोग्राम चावल का आटा मिला.

विभाग के अनुसार चावल के आटे का उपयोग गेहूं के आटे में अपमिश्रक के रूप में किए जाने की आशंका है. एफएसडीए टीम ने मौके से गेहूं के आटे के चार तथा अपमिश्रक का एक नमूना संग्रहित किया. बैच नंबर, पैकेजिंग तिथि और एक्सपायरी का विवरण अंकित न होने पर संबंधित स्टॉक को सीज कर दिया गया. सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि आटे में मिलावट की आशंका को देखते हुए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

