ABC News: वार्डों में विकास कार्य न होने से परेशान नगर निगम के जोन एक के अधिशाषी अभियंता के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले सभी दलों के पार्षदों के मुद्दे पर नगर निगम में ह़ड़कंप मचा है. सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम मुख्यालय में इसको लेकर पंचायत लगाई.
जिसमें धरना देने वाले सभी दलों के पार्षदों के साथ नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, चीफ इंजीनियर सैयद फरीद अख्तर जैदी, जोन के जोनल अधिकारी, अधिशाषी अभियंता समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए. बैठक में पार्षदों ने एक सुर से फाइलें गायब होने, वार्डों में विकास कार्य न होने के आरोप लगाए. बैठक में नगर निगम के चीफ इंजीनियर से दो से चार दिनों में सारी फाइलों को तलाश कर वर्कआर्डर जारी करने का भरोसा दिलाया. इस दौरान फाइलें कहां पर गायब हो गईं, इसको लेकर अधिशाषी अभियंता कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए.
महापौर ने अधिशाषी अभियंता की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नगर आयुक्त को उनका ट्रांसफर किसी दूसरे जोन में करने को कहा, नगर आयुक्त् ने भी अधिशाषी अभियंता को नोटिस देने की बात कही है. इस बैठक में चीफ इंजीनियर ने महापौर को यह भी बताया कि जोन एक में जब उन्होंने खुद जांच की तो पता चला कि वहां पर फाइलों के मूवमेंट का रिकॉर्ड तक उपलब्ध नहीं है.

