ABC News: अरौल थानाक्षेत्र के मकनपुर कस्बे में चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक साथ चार दुकानों में चोरी का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि बदमाशेां ने मोबाइल, ज्वेलरी, कॉस्मेटिक और कपड़े की दुकानों के शटर और ताले तोड़कर उन्हें अपना निशाना बनाया.
इतना ही नहीं, बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. हालांकि किसी के आने-जाने की आहट मिलते ही चोर मौके से फरार हो गए. जिससे वे कोई सामान चोरी नहीं कर सके.
रविवार सुबह दुकानदार जब बाजार पहुंचे तो चार दुकानों के शटर और ताले टूटे मिले. इसकी जानकारी जब अन्य व्यापारियों को मिली तो हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानों की जांच की. अंदर कोई सामान चोरी न होने पर दुकानदारों ने राहत की सांस ली, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में भारी नाराजगी है.
दर्जनभर से अधिक दुकानदारों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. बताया जा रहा है कि बिल्हौर क्षेत्र में लगातार तीसरी रात चोरी की घटना सामने आने से लोगों में भय का माहौल है.

