ABC News: कानपुर में सड़क धंसने का सिलसिला लगातार जारी है. अब कंपनी बाग चौराहे पर अचानक से सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे यहां पर बड़ा गड्ढा हो गया. सड़क धंसने के बाद यहां पर बैरीकेडिंग लगाकर राहगीरों को सचेत किया गया.

बताया जा रहा है कि यहां पर जमीन के अंदर से जा रही मुख्य सीवर लाइन करीब डेढ मीटर तक टूट गई है. जलकल विभाग की टीम ने यहां पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि रावतपुर से सीसामऊ, वीआईपी रोड होते हुए जाजमऊ की ओर जाने वाली मुख्य सीवर लाइन कंपनी बाग चौराहे के नीचे से गुजरती है. यहीं से जलनिगम की पाइप लाइन भी निकली है. यहां पर बना चेंबर भी पूरी तरह से धंस गया.
पार्षद महेंद्र पांडेय का कहना है कि वह कई बार मेट्रो को लेकर शिकायत कर चुके हैं कि जब से उसका काम शुरू हुआ है, तब से सीवर लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, इसकी वजह से नवाबगंज, विष्णुपुरी में सीवर लाइनें जाम हैं, इसके बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है.

