ABC News: मर्सिडीज-बेंज इंडिया को इंडियन पैडल टूर का टाइटर पार्टनर बनाया गया है. इसका ऐलान पैडलपार्क इंडिया और इंडियन पैडल टूर के आयोजकों ने किया. इंडियन पैडल टूर का 2026–27 सीज़न इस बार कई विशेषताएं लेकर आ रहा है. इसमें 19 पेशेवर टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे और 10 प्रमुख शहरों में प्रतियोगिता होगी. सीजन की शुरूआत अगस्त में मुंबई से होगी और अगले साल जून में बेंगलुरू में समापन होगा.

पैडलपार्क इंडिया के सह-संस्थापक जिगर दोशी ने कहा कि इंडियन पैडल टूर की शुरुआत एक सरल उद्देश्य के साथ की गई थी. इसके जरिए ऐसा प्रतिस्पर्धी इकोसिस्टम तैयार करना था, जिसकी हर बड़े खेल को आवश्यकता होती है. उन्होंने कहा कि पैडल खेलना लोगों को इस खेल से जोड़ता है, लेकिन प्रतियोगिताएं उन्हें बेहतर बनने, बड़े सपने देखने और लंबे समय तक खेल से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करती हैं. मर्सिडीज-बेंज इंडिया के आईपीटी के टाइटल पार्टनर बनने पर भी उन्होंने उत्साह जताया. पैडलपार्क इंडिया के सह-संस्थापक प्रतीक दोशी ने कहा कि इंडियन पैडल टूर की शुरुआत भारत में पैडल खेल के दीर्घकालिक विकास और इसे पेशेवर स्तर पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी. मर्सिडीज-बेंज इंडिया जैसे वैश्विक ब्रांड के साथ यह साझेदारी हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे भारत में पैडल खेल की बढ़ती लोकप्रियता और संभावनाओं को और मजबूती मिलेगी. इस साझेदारी की घोषणा मर्सिडीज-AMG E 53 HYBRID 4MATIC+ के लॉन्च के साथ की गई. यह मर्सिडीज-बेंज इंडिया की पहली इलेक्ट्रिफाइड AMG E-Class कार है.

मर्सिडीज-बेंज इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष अय्यर ने कहा कि हमारे लिए बेहतरीन प्रदर्शन केवल कारों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन अनुभवों से भी जुड़ा है जो हम अपने ग्राहकों और समुदाय के साथ साझा करते हैं. चाहे वह रेस ट्रैक हो या पैडल कोर्ट, इंडियन पैडल टूर के साथ हमारी साझेदारी उसी सोच को दर्शाती है. AMG E 53 HYBRID भी उच्च गुणवत्ता वाली इंजीनियरिंग और भारतीय ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि भारत की प्रमुख पैडल प्रतियोगिता मर्सिडीज-बेंज इंडियन पैडल टूर देश में पैडल खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. यह उभरते और अनुभवी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती है और देशभर के दर्शकों तक विश्वस्तरीय पैडल प्रतियोगिताएँ पहुंचाती है. गौरतलब हो कि पिछले कुछ वर्षों में पैडल भारत के सबसे तेज़ी से लोकप्रिय हो रहे खेलों में शामिल हो गया है. देशभर में लगातार नए कोर्ट बनने और खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी ने इस खेल को तेजी से आगे बढ़ाया है.

