ABC News: कानपुर के बिधनू विकास खंड के सम्भुआ गांव में एक खेत तालाब में मत्स्य पालन के साथ मोती उत्पादन का प्रयोग किया जा रहा है. लगभग 30 हजार सीपियों पर आधारित इस परियोजना में प्रति सीपी दो मोती तैयार किए जा रहे हैं. इनमें चयनित सीपियों में विशेष मोल्ड तकनीक के माध्यम से स्वस्तिक, भगवान गणेश, पुष्प, पत्तियों तथा अन्य कलात्मक आकृतियों वाले डिजाइनर पर्ल विकसित किए जा रहे हैं.

लगभग 18 से 20 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना से तैयार होने वाले मोती करीब 50 लाख रुपये में बिकने का अनुमान है, जबकि मत्स्य पालन से प्रतिवर्ष लगभग चार लाख रुपये की अतिरिक्त आय होने की संभावना है. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को जब यहां का निरीक्षण किया तो इसको लेकर प्रगतिशील किसान का उत्साह बढ़ाया. डीएम ने कहा कि खेत तालाब वर्षा जल संचयन और सिंचाई की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं. इसके अलावा इस प्रयोग को अन्य खेत तालाब के लाभार्थियों के पास पहुंचाने के निर्देश दिए.

बताया गया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत भूमि संरक्षण अनुभाग द्वारा सम्भुआ गांव निवासी रश्मि वर्मा के खेत में तालाब का निर्माण कराया गया है. योजना के तहत उन्हें खेत तालाब निर्माण पर 50 प्रतिशत का अनुदान उपलब्ध कराया गया. कृषि विभाग एवं मणि एग्रो हब के सहयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने तालाब में मोती की खेती शुरू की.

वर्तमान में इस परियोजना को लगभग नौ माह पूरे हो चुके हैं तथा करीब 18 माह में मोती तैयार हो जाएंगे. परियोजना के साथ मत्स्य पालन को भी जोड़ा गया है. रश्मि वर्मा ने बताया कि उनके दूसरे खेत तालाब में मत्स्य पालन किया जा रहा है और अब तक तीन बार मत्स्य उत्पादन किया जा चुका है. इससे प्रतिवर्ष लगभग चार लाख रुपये की अतिरिक्त आय होने की संभावना है.

