ABC News: रेउना और सचेंडी में साइबर ठगों के खिलाफ एक्शन लेने के बाद कानपुर कमिश्नरेट की वेस्ट जोन की पुलिस ने उन म्यूल एकाउंट्स होल्डर्स पर बड़ी कार्रवाई की है, जिनके बैंक खातों में साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम आती थी. पुलिस ने 10 थानाक्षेत्रों में अभियान चलाकर 35 म्यूल अकाउंट होल्डर्स को गिरफ्तार किया है.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि साइबर मुख्यालय के अभियान में म्यूल खाताधारकों के खिलाफ अभियान चलाकर सत्यापन किया जा रहा है. इसी में यह 35 खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके खाते साइबर ठग संचालित कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में इन खातों के माध्यम से लगभग 30 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन सामने आया है. इसके अलावा एनसीआरपी पोर्टल पर 100 से अधिक साइबर शिकायतें भी मिली हैं. पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्हें कमीशन का प्रलोभन देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए थे, जिनका संचालन अन्य व्यक्तियों द्वारा किया जाता था.
जांच में अधिकांश लेन-देन ऑनलाइन बेटिंग, गेमिंग ऐप्स एवं निवेश संबंधी साइबर ठगी से जुड़े पाए गए हैं. उन्होंने बताया कि नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अन्य संबंधित व्यक्तियो का पता लगाया जा रहा है. साइबर ठग इन म्यूल खाता धारकों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम से लेकर क्रेडिट कार्ड अपने पास रखते थे और ठगी की रकम से उन्हें पैसा भी मुहैया कराते थे.

