ABC News: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को गुरुवार को बड़ा झटका लगा है. टीएमसी के तीन पूर्व राज्यसभा सांसदों ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है. भाजपा में शामिल होने वालों में सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बराइक और सुखेंदु शेखर रॉय शामिल हैं. तीनों नेताओं ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली. इन दिग्गज नेताओं के एक साथ बीजेपी में शामिल होने के बाद ममता बनर्जी और टीएमसी को एक बड़ा झटका लगा है.

बीजेपी नेता शमिक भट्टाचार्य ने बताया कि तीनों नेताओं ने आधिकारिक तौर पर आज ही भाजपा की सदस्यता को ग्रहण किया. इससे पहले ये तीनों नेता टीएमसी के टिकट पर राज्यसभा सांसद थे और हाल में ही अपना इस्तीफा दिया था. बंगाल के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बताया कि 34 साल तक लेफ्ट फ्रंट का शासन रहा, उसके बाद तृणमूल कांग्रेस का शासन आया. पश्चिम बंगाल में इतने लंबे समय तक जो राजनीति चली, उसने हमारे संघीय ढांचे को नकारा और उसका विरोध किया; केंद्र के साथ सहयोग करने के बजाय टकराव का रास्ता अपनाया गया, जिससे सारा विकास रुक गया. इसी माहौल में और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए, तीन सांसदों ने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया. आज ये तीनों सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बारिक और सुखेंदु शेखर रॉय भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं. ये तीनों सांसद दिग्गज नेता हैं और राज्यसभा में इनका काम सभी जानते हैं. भाजपा में शामिल होने के बाद TMC के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि भारत के किसी भी राज्य में शायद ही कभी 96-97 प्रतिशत मतदान हुआ हो, जैसा कि हमारी राष्ट्रपति ने इस चुनाव के बारे में कहा. उनका (ममता बनर्जी का) खेल खत्म हो चुका है; उनकी पार्टी खत्म हो गई है. इसलिए, उस पर आगे कोई भी चर्चा बेकार है. आगे कहा कि दूसरे राज्यों में, सत्ताधारी और विपक्षी दल आमतौर पर विकास, प्रगति या खास एजेंडे को लागू करने के लिए केंद्र सरकार के पास मिलकर जाते हैं. लेकिन यहां, हमने बंद, हड़ताल और जुलूसों के जरिए केंद्र का विरोध करने पर ही ध्यान दिया. इससे बंगाल की तीन पीढ़ियां बर्बाद हो गईं; जिनके पास मौके थे, वे राज्य छोड़कर चले गए.वहीं, BJP में शामिल होने के बाद, TMC की पूर्व राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है. इसलिए मैं यहां राज्यसभा सीट की उम्मीद में नहीं आई हूं, बल्कि बंगाल की निवर्तमान सांसद के तौर पर आई हूं.

