ABC News: महाराजपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सफलता हासिल करते हुए तीन अवैध पिस्टलों के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, गैंगस्टर समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पुरवामीर क्षेत्र में फतेहपुर-कानपुर हाईवे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध दिखने पर उसकी तलाशी ली गई.
पूछताछ में युवक ने अपना नाम फतेहपुर निवासी मोहम्मद अजीम खान बताया. पुलिस को उसके पास से तीन पिस्टल बरामद हुई. डीसीपी ने बताया कि आरोपी मध्यप्रदेश के खंडवा से 30 हजार रूपए में पिस्टल खरीदकर उसे 45 हजार रूपए तक बेचता था. वहां पर प्रशांत नाम के शख्स से यह पिस्टल खरीदता था.
डीसीपी ने बताया कि इस मामले की तहकीकात कर पिस्टल खरीदने और बेचने वालों पर भी एक्शन होगा.

