ABC News: काकादेव के नवीननगर में एक दिन पहले भारी बारिश के बाद हारमोनी डीलक्स अपार्टमेंट परिसर का एक हिस्सा धंसने के मामले में केडीए अधिकारियों ने अपनी गर्दन बचाना शुरू कर दी है. एक दिन पहले अपार्टमेंट को खाली कराने के बाद केडीए ने अब उसे सील कर दिया है. इसको लेकर अपार्टमेंट में रहने वाले फ्लैट मालिक काफी परेशान हैं.
अपार्टमेंट को सील करने को लेकर केडीए अधिकारियों की तरफ से यहां पर जो नोटिस चस्पा किया गया है, उसमें लिखा गया है कि पिछले साल 24 जून को यहां पर विकास कार्य रोकने का नोटिस जारी किया गया था लेकिन बिल्डर द्वारा यहां पर चोरी छिपे निर्माण कार्य किया जाता रहा. केडीए के इस सीलिंग की कार्रवाई के बाद अब उसी पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
शहर के इतने पॉश इलाके में हो रहे अवैध निर्माण पर अधिकारियेां की पहले आंखें क्यों बंद रहीं, इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं. इसके अलावा अपार्टमेंट का निर्माण और उसमें रिहायश होने के बाद अब केडीए अधिकारियेां को अवैध निर्माण नजर आ रहा है, वह भी तब, जब यहां पर एक हिस्सा अचानक धंस गया, इसके पहले केडीए को किसी तरह का अवैध निर्माण नजर नहीं आ रहा है.
वहीं, केडीए के अपार्टमेंट सील करने के बाद वो फ्लैट मालिक परेशान हो गए हैं, जिन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई से यहां पर फ्लैट खरीदे थे. उनका कहना है कि हमारे सामने अभी कोई रास्ता नहीं दिखाई दे रहा है.

