ABC News: आलिया भट्ट अपनी आने वाली यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स फिल्म ‘अल्फा’ की रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं. जब से इसका एक्शन से भरपूर ट्रेलर सामने आया है, तब से फैंस और कई सेलेब्रिटीज ने इसकी काफ़ी तारीफ की है. साथ ही, नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल में आलिया के शामिल होने की चर्चा शुरू हो गई है. हाल ही में खबरें थीं कि वो साउथ सुपरस्टार प्रभास की अपकमिंग फिल्म ‘कल्कि पार्ट 2’ में नजर आ सकती हैं.

हालांकि उस वक्त इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी. लेकिन, अब एक बार फिर से इसी तरह की खबरें तूल पकड़ रही हैं. हाल ही में प्रभास ने एक बड़ा हिंट दिया है जिसके बाद एक्ट्रेस के फिल्म का हिस्सा बनने की चर्चाएं तेज हो चली हैं. दरअसल, फ़िल्म के लीड स्टार प्रभास ने भी ‘अल्फा’ के ट्रेलर की तारीफ की है, जिससे इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह और बढ़ गया है. दरअसल, आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ को 3 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है और इसकी एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. प्रभास ने आलिया भट्ट को अपनी अपकमिंग फिल्म के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसका ट्रेलर सोशल मीडिया पर शेयर किया है. प्रभास ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अल्फा का ट्रेलर शेयर किया.

साथ में लिखा, ”अल्फा’ का ट्रेलर शानदार और उम्मीद जगाने वाला लग रहा है. 3 जुलाई के लिए आलिया, YRF और पूरी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं.’ वहीं आलिया ने भी प्रभास को धन्यवाद दिया और लिखा, ‘थैंक यू, थैंक यू, बहुत-बहुत धन्यवाद.’ प्रभास द्वारा अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर आलिया की फिल्म का ट्रेलर शेयर करते ही अटकलों और कयासों का दौर शुरू हो गया. फैंस का मानना है कि कल्कि के सीक्वल में आलिया भट्ट एक्टर के साथ नजर आएंगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक आलिया ने फिल्म की शूटिंग में भी हिस्सा लिया था. लेकिन, आधिकारिक तौर पर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है. बता दें कि कल्कि 2898 एडी में दीपिका पादुकोण नजर आई थीं और ये फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी. लेकिन, दूसरे पार्ट से एक्ट्रेस का पत्ता कट गया था.

इस दिन रिलीज होगी ‘अल्फा’
यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की अगली बड़ी फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई थी. खास बात यह है कि यह स्पाई यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कहानी एक महिला जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है. इसमें आलिया भट्ट एक्शन अवतार में हैं. वहीं, बॉबी देओल का रहस्यमयी अंदाज भी लोगों को प्रभावित कर रहा है. हालांकि फिल्म में शरवरी वाघ और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं. बता दें कि ‘अल्फा’ यश राज फिल्म्स के लोकप्रिय स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है. इससे पहले ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘वॉर’, ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्में इस यूनिवर्स का हिस्सा रह चुकी हैं. फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है, जबकि निर्देशन शिव रवैल ने किया है. पहले इस फिल्म को 10 जुलाई 2026 को रिलीज किया जाना था, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 3 जुलाई 2026 तय की गई है.

