ABC News: कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा सामने आया है. यहां पर शुक्रवार 26 जून की रात में विमान का इंजन चालू रहते हुए एक ट्रेनी पायलट नीचे उतर गई, जिसकी वजह से चलते हुए प्रोपेलर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई. ट्रेनी पायलट का गंभीर हालत में निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

घटना के बाद फ्लाईट इंस्ट्रक्टर को हटा दिया गया है और DGCA ने मामले में जांच बैठा दी है. DGCA के अनुसार, हादसा गर्ग एविएशन के टेक्नम P2006T एयरक्राफ्ट VT-NBV से हुआ है. बताया जा रहा है कि गर्ग एविएशन का ट्विन इंजन विमान जब लैंडिंग के बाद रनवे पर था. उस समय उसमें फ्लाईट इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट सवार थी. लैंडिग के बाद ट्रेनी पायलट इंजन चालू होने पर एयरक्राफ्ट से उतर गई. इस दौरान वह चलते हुए प्रोपेलर की चपेट में आ गई, जिसमें उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आयी हैं. हादसे के बाद एयरपोर्ट में हड़कंप मच गया.आनन फानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना के बाद DGCA ने गंभीर रूख अपनाया है. जांच पूरी होने तक इंस्ट्रक्टर को फ्लाइंग ट्रेनिंग ड्यूटी से हटा दिया गया है.इसके अलावा, DGCA ने जांच पूरी होने तक घटना में शामिल एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया है. बताया जा रहा है कि DGCA मामले की गहनता जांच कर रहा है.

