ABC News: कानपुर में सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक दौड़ने की तैयारी में अपने आखिरी टेस्ट से गुजर रही मेट्रो को रविवार को 80 की स्पीड में दौड़ाया गया. मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त नीलाभ्र सेन गुप्ता की अगुवाई में हो रही जांच में मेट्रो अफसरों ने सभी टेस्टिंग को सफल बताया है. इसके साथ ही समग्र कॉरिडोर-1 की फाइनल इंटीग्रेटेड टेस्टिंग भी की गई.
रविवार को कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) के अंतर्गत शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल–नौबस्ता) पर मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त नीलाभ्र सेनगुप्ता और उनकी पांच सदस्यीय ने लगातार दूसरे दिन निरीक्षण और जांच की. निरीक्षण के दूसरे दिन स्टेशन निरीक्षण, सिग्नलिंग प्रणाली की व्यापक जांच, हाई-स्पीड रन तथा अन्य प्रमुख तकनीकी परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किए गए. इसके साथ ही समग्र कॉरिडोर-1 की फाइनल इंटीग्रेटेड टेस्टिंग भी पूरी हो गई है. दूसरे दिन सीएमआरएस ने नवीन मार्केट स्टेशन से मेट्रो ट्रेन द्वारा निरीक्षण प्रक्रिया की शुरुआत की. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों की उपस्थिति में ट्रेन के विभिन्न तकनीकी पहलुओं का परीक्षण करते हुए अधिकारियों का दल नवनिर्मित सेक्शन के अंतिम स्टेशन नौबस्ता तक पहुंचा. इसके बाद सीएमआरएस और उनकी टीम ने मोटर ट्रॉली के माध्यम से नौबस्ता से कानपुर सेंट्रल तक ‘अप-लाइन’ ट्रैक का निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने सभी एलिवेटेड स्टेशन (नौबस्ता, बौद्ध नगर, वसंत विहार, किदवई नगर एवं बारादेवी) तथा अंडरग्राउंड स्टेशन (ट्रांसपोर्ट नगर और झकरकटी) का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रत्येक स्टेशन पर यात्री सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं एवं प्रावधानों का गहन परीक्षण किया गया. तकनीकी कक्षों, स्टेशन कंट्रोल रूम, एस्केलेटर, लिफ्ट, फायर अलार्म सिस्टम तथा प्लेटफॉर्म के बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न सुविधाओं का सूक्ष्मता से निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया. सीएमआरएस एवं उनकी टीम ने सिग्नलिंग प्रणाली से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मानकों का परीक्षण किया. उल्लेखनीय है कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस कानपुर मेट्रो ट्रेनें ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन (एटीओ) मोड में कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) सिग्नलिंग प्रणाली के माध्यम से संचालित होती हैं. इस उन्नत प्रणाली में संचालन संबंधी अधिकांश प्रक्रियाएं स्वचालित होती हैं, जिससे मानवीय त्रुटि की संभावना अत्यंत कम हो जाती है. सीएमआरएस की उपस्थिति में इस संपूर्ण सिग्नलिंग प्रणाली का परीक्षण करने के लिए कॉलिजन टेस्ट भी किया गया.
इस दौरान दो ट्रेनों को आमने-सामने लाकर टक्कर जैसी परिस्थिति निर्मित को गई. निर्धारित दूरी तक पहुंचते ही ट्रेन ऑपरेटर के किसी हस्तक्षेप के बिना ट्रेन में स्वतः ब्रेक लग गए. इसके अतिरिक्त मेट्रो ट्रेन को उसकी अधिकतम निर्धारित गति 80 किमी प्रति घंटा पर चलाकर परीक्षण किया गया. इस दौरान स्पीड एवं ब्रेकिंग टेस्ट भी किया गया, जिसके अंतर्गत अधिकतम गति पर ट्रेन संचालित कर ब्रेकिंग सिस्टम की कार्यक्षमता का मूल्यांकन किया गया. हालांकि, रविवार को मेट्रो का संचालन बंद रहने से यात्रियों को काफी ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा. खासतौर पर उमस और गर्मी भरे मौसम में यह दुश्वारियां और ज्यादा बढ़ गई.

