ABC News: लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर पुलिस भी एक्शन में हैं. इसी को लेकर कानपुर में होटल, कोचिंग, हॉस्टल और अस्पताल संचालकों की एक बैठक बुलाई गई. इस बैठक में पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन के सभी उपकरणों को रखने की हिदायत दी गई.
इस दौरान आग लगने की घटना में क्या करना है और क्या नहीं करना है. इसके बारे में बताया गया. जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि अब तक 160 हॉस्टल, 490 हॉस्पिटल, 865 स्कूल कोचिंग आदि जगहों की जांच की गई है. इसके अलावा 40 से अधिक संस्थानों को नोटिस भी दिया गया है. बैठक में मौजूद केडीए अधिकारियों ने बेसमेंट में किसी तरह की कर्मशियल गतिविधि न होने देने की बात कही. हर जगह आग से बचने के उपकरणों को लगाने को कहा गया है.
जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जहां कमियां मिली हैं, उन्हें नोटिस दिया गया है. अगर समयसीमा के अंदर किसी प्रतिष्ठान या इमारत में सारे मानक पूरे नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ एक्शन भी लिया जाएगा. बैठक में पुलिस कमिश्नर ने सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर काम करने को कहा.

