ABC News: लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद अब कानपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की भी नींद टूटी है. यही वजह रही कि एक दिन पहले देर शाम 16 कोचिंग संस्थानों को सील करने के बाद केडीए का भारी भरकम अमला काकादेव स्थित कोचिंग मंडी पहुंचा और यहां पर जो मानकों का उल्लंघन कर कोचिंग संस्थान चलाए जा रहे थे, उन्हें सील करने में जुट गया.
अचानक से केडीए की इस कार्रवाई से कोचिंग संस्थानों के मालिकों में भी हड़कंप मच गया. कई कोचिंग संस्थानों में स्टूडेंट्स की क्लास भी चल रही थी. इस पर केडीए अधिकारियों ने पहले सभी छात्रों को सुरक्षित ढंग से बाहर निकाला, उसके बाद यहां पर सीलिंग की कार्रवाई की गई. जिन कोचिंग संस्थानों पर सीलिंग की गई, उसमें कई बड़े बड़े नाम शामिल हैं.
केडीए के दस्ते को देखकर यहां पर भारी भीड़ भी जुट गई.आपको बता दें कि केडीए अफसरों ने एक दिन पहले जहां 16 संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की थी. वहीं मंगलवार को भी बड़ी संख्या में कई संस्थानों पर सील लगाई गई. केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि काकादेव में बड़े पैमाने पर कोचिंग संचालित होती हैं, जिसमें लाखों बच्चे यहां पर पढ़ने आते हैं. ऐसे में जहां पर भी मानकों का उल्लंघन मिल रहा है, वहां पर सीलिंग की कार्रवाई हो रही है.
इसके अलावा जहां पर छोटी छोटी कमियां मिल रही हैं, वहां पर भी नोटिस देकर एक्शन लिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि काकादेव के अलावा शहर के अन्य हिस्सों में भी कार्रवाई की जा रही है, इसके लिए केडीए में चार टीमों का गठन किया गया है.

इन पर हुआ एक्शन
एलएन कोचिंग, विद्यापीठ, फिजिक्सवाला, एलन कोचिंग, संजीव राठौर, महिंद्रा कोचिंग, वर्कस्पेस कोचिंग, अंकित सर इंस्टीट्यूट, वी 1 इंस्टीट्यूट, अचीवर्स इंस्टीट्यूट, अड्डा 247, अर्थ एंड स्टार्ट कोचिंग, पुष्पांजलि, क्रक्स एकेडमिक्स, लीगल एज क्लेड कोचिंग

